KNEWS DESK – बॉलीवुड एक्ट्रेस परिणीति चोपड़ा इन दिनों फिल्मी दुनिया से थोड़ी दूर हैं। उनकी पिछली फिल्म ‘अमर सिंह चमकीला’ (2024) थी। परिणीति ने अपने करियर में कई दमदार भूमिकाएं निभाई हैं, जिनमें बैडमिंटन स्टार साइना नेहवाल की बायोपिक भी शामिल है। उस फिल्म के लिए उन्हें खूब तारीफें मिलीं। लेकिन अब एक अलग वजह से दोनों चर्चा में हैं, साइना नेहवाल द्वारा सोशल मीडिया पर परिणीति को फॉलो करने और परिणीति की ओर से अनफॉलो करने की खबरें सोशल मीडिया पर सुर्खियां बटोर रही थीं।
साइना नेहवाल ने तोड़ी चुप्पी
हाल ही में साइना नेहवाल एक पॉडकास्ट का हिस्सा बनीं। इस दौरान उनसे परिणीति के सोशल मीडिया पर अनफॉलो करने वाली बात पर सवाल पूछा गया। साइना ने साफ कहा कि उन्होंने कभी इस बात पर ध्यान ही नहीं दिया कि परिणीति उन्हें अनफॉलो कर चुकी हैं। उन्होंने बताया कि उनकी जिंदगी ट्रेनिंग, टूर्नामेंट्स और इवेंट्स में इतनी व्यस्त रहती है कि इस तरह की चीज़ों पर ध्यान देना उनके लिए मुश्किल है। साइना ने कहा, “असल में मैंने कभी नोटिस ही नहीं किया और न ही मेरा ध्यान गया।”
दोस्ती नहीं, केवल प्रोफेशनल रिश्ता
साइना ने यह भी साफ किया कि उनके और परिणीति के बीच दोस्ती जैसा कोई रिश्ता कभी बना ही नहीं। उन्होंने बताया कि जब परिणीति ने उनकी बायोपिक के लिए उनके जीवन और संघर्ष को समझने की कोशिश की, तो सारी बातचीत ज्यादातर प्रोफेशनल रही। साइना ने कहा कि परिणीति ने भूमिका निभाने से पहले उनसे मिलकर केवल उनके जीवन के अनुभवों को जाना। उनके मिलने-जुलने के मौके इतने कम थे कि वे कभी लंच या डिनर के लिए भी नहीं गए।
सोशल मीडिया ड्रामा के पीछे सच्चाई
इसका मतलब यह है कि परिणीति और साइना के बीच कोई विवाद या मनमुटाव नहीं है। सोशल मीडिया पर जो चर्चा हो रही थी, वह पूरी तरह गैर-जरूरी अटकलें थीं। दोनों का रिश्ता केवल फिल्म और काम तक सीमित रहा।
परिणीति चोपड़ा की साइना नेहवाल की बायोपिक आज भी दर्शकों के बीच याद की जाती है और दोनों ही प्रोफेशनल रूप से अपनी-अपनी दुनिया में सफल हैं।