हाजीपुर में हाई-प्रोफाइल मर्डर मिस्ट्री, लोजपा पार्टी के राष्ट्रीय सचिव की भाभी की गोली मारकर हत्या

डिजिटल डेस्क- बिहार के वैशाली जिले के हाजीपुर से एक सनसनीखेज और हाई-प्रोफाइल हत्या का मामला सामने आया है, जिसने पुलिस और राजनीतिक गलियारों में हड़कंप मचा दिया है। नगर थाना क्षेत्र के चौहट्टा इलाके में देर रात एक महिला की सिर में गोली मारकर हत्या कर दी गई। मृतका की पहचान गुड़िया के रूप में हुई है, जो केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान की पार्टी लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) की राष्ट्रीय सचिव मोनिका शर्मा की भाभी बताई जा रही हैं। घटना देर रात की बताई जा रही है। परिजनों के अनुसार, गुड़िया को गंभीर हालत में सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। सिर में गोली लगने से अत्यधिक रक्तस्राव हुआ था। अस्पताल में घटना की सूचना मिलते ही लोजपा (आर) के कई नेता और कार्यकर्ता पहुंच गए, जिसके बाद मामला राजनीतिक रूप से भी संवेदनशील हो गया।

मृतका का पति एडीजे-4 का निजी चालक

मृतका के पति अर्जुन पासवान हाजीपुर व्यवहार न्यायालय में एडीजे-4 के निजी चालक के रूप में कार्यरत हैं। अर्जुन का कहना है कि उसने पत्नी के चिल्लाने की आवाज सुनी थी। जब वह घर से बाहर निकला तो उसने गुड़िया को चापाकल के पास गिरा हुआ पाया। उसे उठाते समय सिर और नाक से खून बह रहा था। अर्जुन के बयान के आधार पर शुरुआती तौर पर मामला संदिग्ध परिस्थितियों का माना जा रहा है। हालांकि, पुलिस को अर्जुन पासवान की भूमिका पर संदेह है।

गोली चलने की आवाज न सुनाई देना बना रहा है घटना को संदिग्ध

जांच अधिकारी इस बात की तह तक जाने की कोशिश कर रहे हैं कि यदि गोली घर के भीतर चली थी, तो आसपास के लोगों या परिवार के अन्य सदस्यों को आवाज क्यों नहीं सुनाई दी। यही सवाल जांच की दिशा तय कर रहा है। घटना के बाद एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लैब) की टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की। घर के अंदर रखे एक गिलास पर खून के निशान मिले हैं, जिससे पुलिस को शक है कि हत्या घर के अंदर ही किसी विवाद के दौरान हुई और बाद में शव को चापाकल के पास रखकर घटना को बाहर की वारदात दिखाने की कोशिश की गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *