सुनेत्रा पवार के डिप्टी सीएम बनने की अटकलें तेज, शरद पवार बोले– मुझे शपथ ग्रहण की कोई जानकारी नहीं

KNEWS DESK- महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम अजित पवार के निधन के बाद राज्य की राजनीति में बड़ा घटनाक्रम देखने को मिल रहा है। उनकी पत्नी सुनेत्रा पवार के डिप्टी सीएम बनने की चर्चाएं तेज हो गई हैं। इसी कड़ी में शनिवार को सुनेत्रा पवार अपने बेटे पार्थ पवार के साथ मुंबई पहुंच चुकी हैं। राजनीतिक गलियारों में यह अटकलें लगाई जा रही हैं कि वह आज ही उप मुख्यमंत्री पद की शपथ ले सकती हैं।

मुंबई पहुंचने के बाद सुनेत्रा पवार का कार्यक्रम काफी अहम माना जा रहा है। सूत्रों के मुताबिक, दिन के दौरान पार्टी और गठबंधन से जुड़ी बैठकों का दौर भी चल सकता है, जिसके बाद शपथ ग्रहण को लेकर स्थिति स्पष्ट हो सकती है।

इस पूरे घटनाक्रम के बीच राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के वरिष्ठ नेता शरद पवार ने सुनेत्रा पवार के शपथ ग्रहण को लेकर बड़ा बयान दिया है। शनिवार को मीडिया से बातचीत में शरद पवार ने खुद को इस फैसले से अलग करते हुए कहा कि उन्हें सुनेत्रा पवार के डिप्टी सीएम पद की शपथ को लेकर कोई जानकारी नहीं है।

शरद पवार के इस बयान के बाद राजनीतिक हलकों में और भी सवाल खड़े हो गए हैं। अब सभी की नजरें इस बात पर टिकी हैं कि क्या आज वास्तव में सुनेत्रा पवार शपथ लेंगी या फिर इस फैसले पर अभी और मंथन होना बाकी है।

महाराष्ट्र की राजनीति में तेजी से बदल रहे हालातों के बीच आने वाले कुछ घंटे बेहद अहम माने जा रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *