सुनेत्रा पवार आज लेंगी उप मुख्यमंत्री पद की शपथ, महाराष्ट्र को मिलेगी पहली महिला डिप्टी सीएम

KNEWS DESK- महाराष्ट्र की राजनीति में आज एक ऐतिहासिक पल देखने को मिलेगा। दिवंगत राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) प्रमुख अजित पवार की पत्नी और राज्यसभा सांसद सुनेत्रा पवार आज उप मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने जा रही हैं। शपथ ग्रहण से पहले शनिवार सुबह वह मुंबई पहुंच चुकी हैं।

सुनेत्रा पवार अपने बेटे पार्थ पवार के साथ सुबह-सुबह दक्षिण मुंबई स्थित अपने दिवंगत पति के आधिकारिक आवास देवगिरी पहुंचीं, जहां उन्होंने कुछ समय बिताया। इसके बाद वह दिनभर के राजनीतिक कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगी।

62 वर्षीय सुनेत्रा पवार फिलहाल महाराष्ट्र विधानमंडल के किसी भी सदन की सदस्य नहीं हैं। बावजूद इसके, दोपहर में मुंबई में होने वाली बैठक में उन्हें राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के विधानमंडल दल का नेता चुने जाने की औपचारिक प्रक्रिया पूरी की जाएगी। इसके बाद वह उप मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगी।

सुनेत्रा पवार के उप मुख्यमंत्री बनने के साथ ही वह महाराष्ट्र की पहली महिला उप मुख्यमंत्री बन जाएंगी। उनके शपथ ग्रहण को राज्य की राजनीति में एक अहम बदलाव और महिला नेतृत्व के लिहाज से बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है।

राजनीतिक गलियारों में इस घटनाक्रम को लेकर हलचल तेज है और शपथ ग्रहण समारोह पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *