KNEWS DESK – कुवैत से दिल्ली आ रही इंडिगो की एक फ्लाइट को शुक्रवार को बम की धमकी मिलने से हड़कंप मच गया. धमकी की जानकारी मिलते ही एहतियातन विमान को अहमदाबाद डायवर्ट किया गया, जहां उसकी इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई. राहत की बात यह रही कि विमान में सवार सभी यात्री और क्रू मेंबर्स पूरी तरह सुरक्षित हैं.
टिशू पेपर पर लिखी मिली बम की धमकी
बताया जा रहा है कि फ्लाइट के अंदर एक टिशू पेपर पर लिखी धमकी मिली थी, जिसमें विमान को हाईजैक कर बम से उड़ाने की बात कही गई थी. जैसे ही यह जानकारी सामने आई, पायलट ने तुरंत एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) को अलर्ट किया. सुरक्षा प्रोटोकॉल के तहत विमान को दिल्ली ले जाने के बजाय अहमदाबाद एयरपोर्ट पर उतारने का फैसला लिया गया.
यात्रियों को सुरक्षित निकाला गया बाहर
अहमदाबाद में लैंडिंग के बाद विमान में सवार 180 यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया. इसके बाद सभी यात्रियों और उनके सामान की गहन जांच शुरू की गई. साथ ही पूरे विमान की भी बारीकी से तलाशी ली जा रही है. बम डिटेक्शन एंड डिस्पोजल स्क्वाड (BDDS) और सुरक्षा एजेंसियां मौके पर मौजूद हैं और जांच प्रक्रिया जारी है.
एयरपोर्ट अधिकारियों के मुताबिक, अब तक किसी भी यात्री या उनके सामान से कोई संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई है. विमान की पूरी जांच के बाद ही फ्लाइट को आगे उड़ान भरने की अनुमति दी जाएगी. इस वजह से यात्रियों के दिल्ली पहुंचने में अभी और देरी हो सकती है.
पहले भी सामने आ चुके हैं ऐसे मामले
गौरतलब है कि हाल के दिनों में विमानों और स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकियों के कई मामले सामने आए हैं. कुछ दिन पहले भी इंडिगो की एक फ्लाइट में इसी तरह टिशू पेपर पर धमकी मिली थी, जिसके बाद विमान की लैंडिंग लखनऊ में कराई गई थी. हालांकि, उन मामलों में भी जांच के बाद धमकियां फर्जी पाई गई थीं.