राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और प्रधानमंत्री मोदी ने महात्मा गांधी को 78वीं पुण्यतिथि पर दी श्रद्धांजलि

KNEWS DESK- देश ने शुक्रवार को राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की 78वीं पुण्यतिथि पर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राजघाट पहुंचकर महात्मा गांधी को नमन किया। प्रधानमंत्री के साथ रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ और केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल भी मौजूद रहे। सभी ने गांधी जी की समाधि पर पुष्प अर्पित किए और उनके विचारों को याद किया।

इस दौरान पूरे देश में महात्मा गांधी की पुण्यतिथि पर विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। लोग उनके अहिंसा और सत्य के संदेश को याद करते हुए सामाजिक और शैक्षिक कार्यक्रमों में भाग ले रहे थे।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट पर लिखा, “राष्ट्रपिता महात्मा गांधी को उनकी पुण्यतिथि पर मेरा शत-शत नमन। पूज्य बापू का हमेशा स्वदेशी पर बल रहा, जो विकसित और आत्मनिर्भर भारत के हमारे संकल्प का भी आधारस्तंभ है। उनका व्यक्तित्व और कृतित्व देशवासियों को कर्तव्य पथ पर चलने के लिए सदैव प्रेरित करता रहेगा।”

प्रधानमंत्री ने आगे कहा, “पूज्य बापू ने मानवता की रक्षा के लिए हमेशा अहिंसा पर बल दिया। इसमें वह शक्ति है, जो बिना हथियार के दुनिया को बदल सकती है। अहिंसा परमो धर्मस्तथाऽहिंसा परन्तपः। अहिंसा परमं सत्यं यतो धर्मः प्रवर्तते॥”

गांधी जी के जीवन और उनके विचार आज भी देशवासियों के लिए प्रेरणा स्रोत हैं, और उनके संदेश पर चलकर समाज में बदलाव लाने की कोशिश जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *