KNEWS DESK- हर सुबह बच्चों की नई-नई खाने की फरमाइशें कई बार मांओं के लिए सिरदर्द बन जाती हैं। ज्यादातर बच्चे जंक फूड की डिमांड करते हैं, लेकिन रोज-रोज अनहेल्दी खाना देना मुमकिन भी नहीं और सही भी नहीं। ऐसे में जरूरत होती है ऐसी रेसिपी की जो हेल्दी भी हो, टेस्टी भी और झटपट बन जाए।

उबले हुए अंडे का सैंडविच इसी कैटेगरी में आता है। यह प्रोटीन से भरपूर होता है, बच्चों को लंबे समय तक एनर्जी देता है और टिफिन से लेकर ब्रेकफास्ट तक हर मौके के लिए परफेक्ट ऑप्शन है। आइए जानते हैं इसकी आसान और क्विक रेसिपी।
क्यों खास है उबले अंडे का सैंडविच?
अंडा प्रोटीन का बेहतरीन सोर्स है, जो बच्चों की ग्रोथ और एनर्जी के लिए जरूरी होता है। सब्जियों और ब्रेड के साथ मिलकर यह एक कंप्लीट मील बन जाता है, जिसे बच्चे भी खुशी-खुशी खा लेते हैं।
उबले हुए अंडे के सैंडविच की सामग्री
- उबले अंडे – 2
- ब्राउन या व्हाइट ब्रेड – 4 स्लाइस
- बटर – 2 चम्मच
- बारीक कटा प्याज – 2 चम्मच
- बारीक कटा खीरा – 2 चम्मच
- काली मिर्च पाउडर – 1 चुटकी
- नमक – स्वादानुसार
- मेयोनीज या फ्रेश क्रीम – 1 चम्मच
- हरा धनिया – 2 चम्मच
10 मिनट में ऐसे बनाएं एग सैंडविच
- सबसे पहले सभी सामग्रियां तैयार रखें और अंडों को उबाल लें।
- उबले अंडों को छीलकर एक बाउल में अच्छी तरह मैश कर लें।
- इसमें प्याज, खीरा, नमक, काली मिर्च और हरा धनिया डालकर मिक्स करें।
- बच्चों के स्वाद के लिए इसमें मेयोनीज या फ्रेश क्रीम मिलाएं।
- अब ब्रेड स्लाइस पर हल्का-सा बटर लगाएं. चाहें तो ब्रेड को हल्की आंच पर सेंक भी सकते हैं।
- तैयार अंडे का मिश्रण ब्रेड पर फैलाएं और ऊपर से दूसरी स्लाइस रख दें।
- सैंडविच को तवे या सैंडविच मेकर में हल्का सेंक लें।
सर्व करने का तरीका
तैयार सैंडविच को टोमैटो केचप या मिंट चटनी के साथ सर्व करें। आप बच्चे की पसंद के हिसाब से इसे फ्रूट जूस या दूध के साथ भी दे सकते हैं।
हेल्दी टिप
अगर आप सैंडविच को और हेल्दी बनाना चाहें तो मेयोनीज की जगह दही का इस्तेमाल करें। इसके अलावा स्वाद और पोषण बढ़ाने के लिए इसमें कद्दूकस की हुई गाजर भी मिलाई जा सकती है।
यह आसान-सा उबले अंडे का सैंडविच बच्चों के नाश्ते को हेल्दी, टेस्टी और झंझट-मुक्त बना देगा. अगली बार सुबह बच्चों की जिद सुनते ही इस रेसिपी को जरूर ट्राई करें।