बारामती में राजकीय सम्मान के साथ अजित पवार का अंतिम संस्कार, उमड़ा जनसैलाब

KNEWS DESK – महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार का अंतिम संस्कार पुणे जिले के बारामती स्थित विद्या प्रतिष्ठान के खेल मैदान में पूरे राजकीय सम्मान के साथ किया जा रहा है। अंतिम संस्कार में पवार परिवार के सदस्य, चाचा शरद पवार, रिश्तेदारों के साथ-साथ कई वरिष्ठ राजनीतिक नेता मौजूद हैं। राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी की ओर से जानकारी दी गई है कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह भी अंतिम संस्कार में शामिल होंगे।

66 वर्षीय अजित पवार का पार्थिव शरीर बुधवार देर रात विद्या प्रतिष्ठान परिसर में रखा गया था, ताकि आम लोग, गांव के निवासी और पार्टी कार्यकर्ता उनके अंतिम दर्शन कर सकें। देर रात तक और गुरुवार सुबह से ही बड़ी संख्या में लोग अंतिम दर्शन के लिए पहुंचे, जिससे पूरा इलाका शोक और श्रद्धांजलि के माहौल में डूबा रहा।

विद्या प्रतिष्ठान का खेल मैदान पवार परिवार के लिए विशेष महत्व रखता है। यही वजह है कि अंतिम संस्कार के लिए श्मशान की बजाय इसी स्थान को चुना गया, ताकि अधिक से अधिक लोग उन्हें अंतिम विदाई दे सकें। अजित पवार का अंतिम संस्कार पूर्वाह्न करीब 11 बजे किया जा रहा है।

गौरतलब है कि 28 जनवरी को बारामती में हुए विमान हादसे में अजित पवार समेत कुल पांच लोगों की मौत हो गई थी। हादसे में जान गंवाने वालों में विमान के कैप्टन सुमित कपूर भी शामिल थे, जिनके पास करीब 15,000 घंटे का उड़ान अनुभव था। इसके अलावा 1,500 घंटे का अनुभव रखने वाली सह-पायलट कैप्टन शांभवी पाठक, निजी सुरक्षा अधिकारी विधिप जाधव और फ्लाइट अटेंडेंट पिंकी माली की भी इस दुर्घटना में मौत हो गई।

इस हादसे के बाद महाराष्ट्र ही नहीं, पूरे देश के राजनीतिक और सामाजिक जगत में शोक की लहर दौड़ गई है। नेताओं, सामाजिक संगठनों और आम नागरिकों की ओर से अजित पवार को श्रद्धांजलि दी जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *