KNEWS DESK – महाराष्ट्र की राजनीति के सबसे प्रभावशाली पवार परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। डिप्टी मुख्यमंत्री अजित पवार का बारामती में चार्टर्ड प्लेन हादसे में निधन हो गया। इस दर्दनाक हादसे में अजित पवार समेत कुल पांच लोगों की मौत हुई है। इस खबर के बाद न सिर्फ पवार परिवार बल्कि पूरा महाराष्ट्र शोक में डूब गया है।
बारामती से सामने आईं भावुक तस्वीरें
हादसे के बाद बारामती से बेहद भावुक कर देने वाली तस्वीरें सामने आई हैं। सांसद सुप्रिया सुले और अजित पवार की पत्नी सुनेत्रा पवार परिजनों से मिलते वक्त खुद को संभाल नहीं पाईं। दोनों परिजनों से गले लगकर फूट-फूटकर रोती नजर आईं। पवार परिवार के सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है और हर आंख नम है।
गुरुवार को राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार
एनसीपी की ओर से दी गई जानकारी के मुताबिक, उपमुख्यमंत्री अजित पवार का अंतिम संस्कार गुरुवार सुबह 11 बजे बारामती के विद्या प्रतिष्ठान मैदान में पूरे राजकीय सम्मान के साथ किया जाएगा। अंतिम संस्कार में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के शामिल होने की संभावना जताई जा रही है।
देशभर के नेताओं ने जताया शोक
केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी समेत कई बड़े नेताओं ने अजित पवार के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। नितिन गडकरी ने इसे स्तब्ध करने वाली, दुर्भाग्यपूर्ण और हृदयविदारक घटना बताया। उन्होंने कहा कि अजित पवार के साथ उनका बेहद घनिष्ठ व्यक्तिगत संबंध रहा है।
गडकरी ने कहा, “विधानमंडल में कई वर्षों तक साथ काम करने के दौरान मेरी अजित दादा से गहरी मित्रता रही। उनकी प्रशासनिक कुशलता, विकास की स्पष्ट सोच और जनता से सीधे जुड़ने की क्षमता ने उन्हें महाराष्ट्र की राजनीति में एक अलग स्थान दिलाया, जिसे भर पाना आसान नहीं है।”
महाराष्ट्र और गुजरात के राज्यपाल आचार्य देवव्रत ने भी अजित पवार के असमय निधन पर गहरा दुख जताया। उन्होंने कहा कि यह न सिर्फ महाराष्ट्र बल्कि पूरे देश के लिए अपूरणीय क्षति है और शोक संतप्त परिवार के प्रति अपनी हार्दिक संवेदनाएं व्यक्त कीं।