डिजिटल डेस्क- महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार के आकस्मिक निधन से राज्य ही नहीं, बल्कि पूरे देश में शोक की लहर है। बारामती में लैंडिंग के दौरान हुए विमान हादसे में अजित पवार समेत पांच लोगों की दर्दनाक मौत हो गई थी। इस हादसे के बाद महाराष्ट्र की राजनीति में गहरा सन्नाटा पसरा हुआ है। अजित पवार का अंतिम संस्कार गुरुवार को पुणे जिले के बारामती में पूरे राजकीय सम्मान के साथ किया जाएगा। सूत्रों के मुताबिक, अंतिम संस्कार में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के शामिल होने की संभावना है। इसके अलावा सत्ता पक्ष और विपक्ष के कई बड़े नेता भी बारामती पहुंचेंगे। राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) ने जानकारी दी है कि अंतिम संस्कार सुबह 11 बजे बारामती के विद्या प्रतिष्ठान मैदान में होगा। इससे पहले अजित पवार के पार्थिव शरीर को विद्या प्रतिष्ठान मैदान लाया गया है, जहां आम जनता उन्हें अंतिम श्रद्धांजलि अर्पित कर सकेगी।
जनता के दर्शन के लिए रखा गया पार्थिव शरीर
बुधवार को जैसे ही अजित पवार का पार्थिव शरीर बारामती पहुंचा, पूरे इलाके में भावुक माहौल देखने को मिला। हजारों की संख्या में लोग अपने प्रिय नेता की एक झलक पाने के लिए उमड़ पड़े। आंखों में आंसू और दिल में शोक लिए लोग ‘अजित दादा अमर रहें’ के नारे लगाते नजर आए। प्रशासन ने भीड़ को देखते हुए कड़े सुरक्षा इंतजाम किए हैं, ताकि श्रद्धांजलि कार्यक्रम शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हो सके।
पीएम मोदी ने शरद पवार से की फोन पर बात
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अजित पवार के निधन पर एनसीपी-एससीपी प्रमुख शरद पवार से फोन पर बात कर गहरी संवेदना व्यक्त की। इसके साथ ही पीएम मोदी ने सोशल मीडिया पर भी एक पोस्ट साझा कर हादसे पर दुख जताया। उन्होंने लिखा कि विमान दुर्घटना में अजित पवार की असामयिक मृत्यु से वे बेहद दुखी और स्तब्ध हैं। प्रधानमंत्री ने कहा, “अजित पवार आम लोगों के नेता थे। उनका जमीनी स्तर पर गहरा जुड़ाव था और महाराष्ट्र की जनता की सेवा में वे हमेशा समर्पित रहे। एक परिश्रमी और समर्पित नेता के रूप में उनका व्यापक सम्मान था।”
अमित शाह ने जताया गहरा शोक
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भी अजित पवार के निधन को लेकर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा कि अजित पवार की मृत्यु केवल एनडीए परिवार के लिए ही नहीं, बल्कि उनके लिए व्यक्तिगत क्षति है। अमित शाह ने कहा, “बीते साढ़े तीन दशकों में अजित पवार ने महाराष्ट्र के हर वर्ग के कल्याण के लिए खुद को समर्पित किया। जब भी उनसे मुलाकात होती थी, महाराष्ट्र की जनता से जुड़े मुद्दों पर लंबी और सार्थक चर्चा होती थी।” उन्होंने आगे कहा कि शोक की इस घड़ी में पूरा एनडीए परिवार शोक-संतप्त पवार परिवार के साथ मजबूती से खड़ा है और ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति की प्रार्थना करता है।