बरेली में PCS अफसर अलंकार अग्निहोत्री को बाहर ले जाने पर बवाल, समर्थकों का सड़क पर हंगामा

डिजिटल डेस्क- उत्तर प्रदेश के बरेली जिले में PCS अफसर अलंकार अग्निहोत्री को लेकर हालात लगातार तनावपूर्ण बने हुए हैं। 26 जनवरी को इस्तीफा देने और उसके बाद निलंबन की कार्रवाई के बाद से ही यह मामला सुर्खियों में है। बुधवार को स्थिति उस वक्त और बिगड़ गई, जब पुलिस-प्रशासन की टीम अलंकार अग्निहोत्री को एक निजी वाहन से बरेली से बाहर लेकर रवाना हो गई। जैसे ही यह खबर फैली, बड़ी संख्या में उनके समर्थक सड़कों पर उतर आए और जमकर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। बुधवार दोपहर करीब 2 बजकर 18 मिनट पर अलंकार अग्निहोत्री को निजी कार से शहर से बाहर ले जाया गया। प्रशासन की कोशिश थी कि यह पूरी कार्रवाई बिना किसी हंगामे के हो जाए, लेकिन समर्थकों को भनक लगते ही हालात बेकाबू हो गए। समर्थकों ने कार को रोकने की कोशिश की, नारेबाजी की और कई जगहों पर सड़क जाम कर दिया। कुछ लोग पुलिस की गाड़ी के आगे लेट गए, तो कुछ ने वाहन पर हाथ मारकर विरोध जताया। स्थिति को संभालने के लिए पुलिस और पीएसी को कड़ी मशक्कत करनी पड़ी।

सड़क जाम, नारेबाजी और पुलिस से झड़प

अलंकार अग्निहोत्री को बाहर ले जाए जाने के दौरान उनके समर्थकों में जबरदस्त आक्रोश देखने को मिला। जैसे ही कार आगे बढ़ी, समर्थक उसके पीछे दौड़ पड़े। रामपुर की ओर जाने वाले मुख्य मार्ग पर समर्थकों ने जाम लगा दिया और धरने पर बैठ गए। कई जगहों पर पुलिस और समर्थकों के बीच धक्का-मुक्की और झड़प भी हुई। समर्थकों का कहना था कि उन्हें किसी अनहोनी की आशंका है, इसलिए वे अलंकार अग्निहोत्री को इस तरह बाहर ले जाने का विरोध कर रहे हैं। काफी देर तक इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।

हाउस अरेस्ट के आरोप, निजता हनन का दावा

इस घटनाक्रम से पहले बुधवार सुबह अलंकार अग्निहोत्री खुद अपने सरकारी आवास से बाहर आए थे और मीडिया से बातचीत की थी। उन्होंने आरोप लगाया था कि उन्हें मंगलवार शाम से ही हाउस अरेस्ट किया गया है। अलंकार का कहना था कि प्रशासन ने उन्हें आवास से बाहर निकलने की अनुमति नहीं दी और उनके घर के आसपास जरूरत से ज्यादा सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं, जिससे उनकी निजता का हनन हो रहा है। उन्होंने यह भी कहा था कि वह कानून का पालन कर रहे हैं, फिर भी उनके साथ गलत व्यवहार किया जा रहा है। बुधवार को उनके सरकारी आवास पर भारी पुलिस बल तैनात रहा। एडीएम सिटी सौरभ दुबे, एसडीएम सदर प्रमोद कुमार, सीओ पंकज श्रीवास्तव और प्रभारी निरीक्षक रामजनम यादव मौके पर मौजूद रहे। पूरे इलाके में कड़ा पहरा रहा, जिससे स्थानीय लोगों के बीच चर्चाओं का दौर चलता रहा।

दिल्ली या शामली ले जाए जाने की अटकलें

जब मीडिया टीम ने अलंकार अग्निहोत्री की कार का पीछा किया, तो वह बरेली से मीरगंज की ओर जाती दिखाई दी। इससे उन्हें दिल्ली ले जाए जाने की अटकलें तेज हो गईं। सूत्रों का कहना है कि निलंबन के दौरान उन्हें शामली अटैच किया गया है, ऐसे में उन्हें शामली भी भेजा जा सकता है। हालांकि, इस पर कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। कार में बैठे अलंकार अग्निहोत्री ने कैमरे की ओर दो उंगलियां दिखाईं, जिसे लेकर भी कई तरह की चर्चाएं हो रही हैं। जब इस मामले पर एडीएम सिटी सौरभ दुबे से सवाल किए गए, तो उन्होंने कैमरे से बचते हुए सिर्फ इतना कहा कि अलंकार अग्निहोत्री अपनी मर्जी से गए हैं और उन्होंने आगे कोई जानकारी देने से इनकार कर दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *