कल पूरे राजकीय सम्मान के साथ होगा अजित पवार का अंतिम संस्कार, बारामती में बनेगा स्मारक

KNEWS DESK – महाराष्ट्र इस वक्त गहरे शोक में डूबा हुआ है। उपमुख्यमंत्री अजित पवार का बुधवार सुबह बारामती के पास हुए एक भीषण विमान हादसे में निधन हो गया। जैसे ही यह खबर सामने आई, पूरे राज्य में मातम छा गया। बारामती से लेकर मुंबई तक लोग इस अपूरणीय क्षति से स्तब्ध हैं।

अजित पवार के पार्थिव शरीर को बुधवार शाम पांच बजे से अंतिम दर्शन के लिए रखा जाएगा। अस्पताल और उनके पारिवारिक निवास मोदी बाग में समर्थकों और स्थानीय नागरिकों की भारी भीड़ उमड़ रही है। हर कोई अपने नेता को अंतिम विदाई देने पहुंच रहा है।

जानकारी के मुताबिक, गुरुवार सुबह नौ बजे उनकी अंतिम यात्रा निकाली जाएगी। इसके बाद सुबह ग्यारह बजे बारामती के विद्या प्रतिष्ठान मैदान में पूरे राजकीय सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा। उनके मूल गांव काटेवाड़ी में भी शोक का माहौल है। बताया जा रहा है कि बारामती में उनकी स्मृति में एक स्मारक बनाए जाने पर भी विचार किया जा रहा है।

राज्य सरकार ने अजित पवार के निधन पर तीन दिन के राजकीय शोक की घोषणा की है। इस दौरान राष्ट्रीय ध्वज आधा झुका रहेगा। बुधवार को पूरे महाराष्ट्र में सार्वजनिक अवकाश घोषित किया गया, जिसके चलते सभी सरकारी कार्यालय बंद रहे।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह सहित देशभर के नेताओं ने अजित पवार के निधन पर गहरा दुख जताया है। यह हादसा लियरजेट-45 विमान से जुड़ा बताया जा रहा है, जो बारामती हवाई अड्डे पर लैंडिंग के दौरान दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इस दर्दनाक हादसे में कुल पांच लोगों की मौत हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *