अजित पवार के निधन पर लालू यादव ने जताया शोक, हाई-लेवल जांच की मांग की

KNEWS DESK – महाराष्ट्र के बारामती में हुए भीषण विमान हादसे में उपमुख्यमंत्री अजित पवार के निधन के बाद सियासी गलियारों से लगातार प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं. देशभर के नेताओं ने इस हादसे को बेहद दुखद बताया है और शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदनाएं व्यक्त की हैं.

आरजेडी सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव ने इस हादसे पर गहरा दुख जताते हुए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट किया. उन्होंने लिखा कि बारामती विमान हादसे में महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार के निधन का समाचार अत्यंत दुखद है. ईश्वर दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करे और परिजनों को इस अपूरणीय क्षति को सहने की शक्ति दे. इसके साथ ही लालू यादव ने इस हादसे की उच्च स्तरीय जांच की मांग भी की.

आरजेडी के आधिकारिक एक्स हैंडल से भी शोक संदेश जारी किया गया, जिसमें कहा गया कि राष्ट्रीय जनता दल परिवार अजित पवार के आकस्मिक निधन पर अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त करता है. पार्टी ने ईश्वर से परिजनों को इस असहनीय दुख को सहने की शक्ति देने की प्रार्थना की.

इस हादसे पर लालू यादव के बेटे और बिहार के नेता तेजस्वी यादव ने भी शोक जताया है. वहीं, बिहार के उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा ने इसे देश और प्रदेश के लिए अपूरणीय क्षति बताया. उन्होंने कहा कि एनसीपी के सशक्त नेता के रूप में अजित पवार का जनसेवा में अहम योगदान रहा है.

भाजपा सांसद राजीव प्रताप रूडी ने भी हादसे को अत्यंत पीड़ादायक बताते हुए कहा कि अजित पवार का प्रशासनिक अनुभव और जनसेवा के प्रति समर्पण उन्हें एक संवेदनशील जननेता बनाता है. बारामती प्लेन हादसे को लेकर राजनीतिक हलकों में शोक का माहौल बना हुआ है और देशभर से संवेदनाओं का सिलसिला जारी है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *