अजित पवार का आख़िरी संदेश और फिर विमान हादसा: अंतिम क्षणों में लाला लाजपत राय को दी थी श्रद्धांजलि

डिजिटल डेस्क- हादसे से ठीक कुछ मिनट पहले अजित पवार ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (पूर्व ट्विटर) पर एक पोस्ट साझा किया था, जो अब उनका आख़िरी सार्वजनिक संदेश बन गया है। यह पोस्ट 28 जनवरी की सुबह 8:57 बजे की बताई जा रही है। इसमें उन्होंने महान स्वतंत्रता सेनानी लाला लाजपत राय की जयंती पर श्रद्धांजलि अर्पित की थी।अपने संदेश में अजित पवार ने लिखा था, “महान स्वतंत्रता सेनानी, स्वराज्य के प्रचारक, ‘पंजाब केसरी’ लाला लाजपत राय जी को उनकी जयंती पर विनम्र श्रद्धांजलि। उन्होंने देश की आज़ादी के लिए अपना सब कुछ कुर्बान कर दिया। उनकी देशभक्ति हमें हमेशा प्रेरित करती रहेगी।” यह पोस्ट सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर भावनाओं का सैलाब उमड़ पड़ा। समर्थकों और राजनीतिक सहयोगियों ने इसे उनकी विचारधारा और सार्वजनिक जीवन की आख़िरी झलक बताया।

विमान में मौजूद सभी लोगों की हुई मौत- DGCA

विमान में अजित पवार के साथ एक पर्सनल सिक्योरिटी ऑफिसर (PSO), एक अटेंडेंट और दो क्रू मेंबर (पायलट व को-पायलट) सवार थे। DGCA के अनुसार, दुर्घटना में पांचों लोगों की मौत हो गई। प्रशासन ने मृतकों की शिनाख्त की प्रक्रिया शुरू कर दी है। पुलिस और संबंधित एजेंसियां हादसे की एविएशन और तकनीकी जांच कर रही हैं, ताकि दुर्घटना के सटीक कारणों का पता लगाया जा सके। वहीं, अजित पवार के अचानक निधन से महाराष्ट्र की राजनीति में बड़ा खालीपन पैदा हो गया है। चार दशकों तक सक्रिय राजनीति में रहे अजित पवार समर्थकों के बीच ‘दादा’ के नाम से जाने जाते थे।

राजनीतिक जगत में दौड़ी शोक की लहर

उनके निधन की खबर से राज्यभर में शोक की लहर है। राजनीतिक दलों, नेताओं और आम लोगों की ओर से लगातार श्रद्धांजलि संदेश आ रहे हैं। अजित पवार की आख़िरी पोस्ट अब केवल एक संदेश नहीं, बल्कि उनके सार्वजनिक जीवन की अमर स्मृति बन गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *