डिजिटल डेस्क- महाराष्ट्र के डिप्टी मुख्यमंत्री और एनसीपी प्रमुख अजित पवार के निजी विमान के बारामती में क्रैश होने की खबर सामने आई है। यह हादसा बुधवार सुबह उस समय हुआ, जब विमान बारामती में लैंड करने की कोशिश कर रहा था। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, विमान में कुल 6 लोग सवार थे, जिनमें अजित पवार भी शामिल थे। हादसे के बाद विमान में आग लग गई और वह पूरी तरह जलकर खाक हो गया।
मौके पर शुरु हुआ बचाव कार्य
बताया जा रहा है कि अजित पवार बारामती में एक जनसभा को संबोधित करने जा रहे थे, इसी दौरान यह दुर्घटना हुई। हादसे की सूचना मिलते ही प्रशासन, पुलिस, फायर ब्रिगेड और सुरक्षा एजेंसियां मौके पर पहुंच गईं और राहत-बचाव कार्य शुरू कर दिया गया। हालांकि विमान के दुर्घटनाग्रस्त होने की खबर से अजित पवार के स्वास्थ्य की चिंता से उनके समर्थक चिंतित हो उठे। आधिकारिक रूप से अभी तक अजीत पवार के दुर्घटना में घायल होने की कोई जानकारी उपलब्ध नहीं हो सकी है।
लो विजिबिलिटी से हुआ हादसा
प्रारंभिक जांच में हादसे की मुख्य वजह लो विजिबिलिटी यानी कम दृश्यता बताई जा रही है। सुबह के समय धुंध और खराब मौसम के कारण पायलट को लैंडिंग में दिक्कतों का सामना करना पड़ा, जिसके बाद विमान संतुलन खो बैठा और दुर्घटनाग्रस्त हो गया। दुर्घटना के बाद आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई और सुरक्षा कारणों से क्षेत्र को घेर लिया गया।