KNEWS DESK- देश के 77वें गणतंत्र दिवस के पावन अवसर पर गुलाबी नगरी जयपुर में देशभक्ति, उत्साह और राष्ट्रीय गौरव का भव्य संगम देखने को मिला। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने राजधानी में आयोजित विभिन्न राज्य स्तरीय कार्यक्रमों का नेतृत्व किया। कार्यक्रमों की शुरुआत सुबह 7:30 बजे मुख्यमंत्री निवास पर ध्वजारोहण के साथ हुई।
मुख्यमंत्री सुबह 8:00 बजे ऐतिहासिक बड़ी चौपड़ पहुंचे, जहां उन्होंने राष्ट्रीय ध्वज फहराया और उपस्थित जनसमूह को संबोधित किया। इसके बाद सुबह 8:30 बजे भाजपा मुख्यालय में आयोजित ध्वजारोहण कार्यक्रम में भाग लिया। सुबह 9:10 से 9:17 बजे के बीच मुख्यमंत्री अमर जवान ज्योति स्थल, जनपथ पहुंचे, जहां उन्होंने शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की और पुष्प चक्र चढ़ाया।
राज्य स्तरीय मुख्य गणतंत्र दिवस समारोह सुबह 9:30 बजे से 11:41 बजे तक सवाई मानसिंह स्टेडियम में आयोजित किया गया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने परेड की सलामी ली और प्रदेशवासियों को संबोधित करते हुए संविधान, लोकतंत्र और राष्ट्र निर्माण के प्रति संकल्प दोहराया।
भारतीय जनता पार्टी की शहर इकाई ने भी सुबह 7:30 बजे बड़ी चौपड़ पर ध्वजारोहण किया, जिसमें बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता और आमजन शामिल हुए। इसके साथ ही जयपुर के सभी सरकारी कार्यालयों, स्कूलों और सामाजिक संस्थाओं में राष्ट्रगान के साथ तिरंगा फहराया गया।
कई स्थानों पर बच्चों द्वारा आकर्षक झांकियां निकाली गईं और देशभक्ति से ओत-प्रोत सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने माहौल को और भी उत्साहपूर्ण बना दिया।
राजस्थान विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने भी 77वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर प्रदेशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि गणतंत्र दिवस हमारे संविधान, लोकतांत्रिक मूल्यों और राष्ट्र की एकता व अखंडता के प्रति निष्ठा का प्रतीक है। यह दिन स्वतंत्रता सेनानियों, संविधान निर्माताओं और राष्ट्र निर्माण में योगदान देने वाले महापुरुषों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने का अवसर प्रदान करता है।
देवनानी ने प्रातः 8:00 बजे कॉन्स्टीट्यूशन क्लब तथा 8:15 बजे राजस्थान विधानसभा परिसर में ध्वजारोहण किया और सलामी गारद का निरीक्षण किया।
समूचा जयपुर गणतंत्र दिवस के अवसर पर देशभक्ति के रंग में रंगा नजर आया। हर वर्ग, हर आयु के लोगों ने इस राष्ट्रीय पर्व को उत्साह और गर्व के साथ मनाते हुए संविधान और लोकतंत्र के प्रति अपनी आस्था व्यक्त की।