KNEWS DESK- उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव पर जोरदार हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया कि अखिलेश यादव जाति और धर्म के नाम पर राजनीति कर रहे हैं और समाज को बांटने की राजनीति कर रहे हैं। ब्रजेश पाठक ने कहा कि अगर अखिलेश यादव तुष्टीकरण की राजनीति नहीं छोड़ते, तो आने वाले समय में उनके लिए प्रधानी का चुनाव जीतना भी मुश्किल हो जाएगा।
उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक बृहस्पतिवार को मेरठ के दौरे पर थे। इस दौरान उन्होंने शहर में आयोजित कई कार्यक्रमों में हिस्सा लिया। अपने दौरे के क्रम में वह मेरठ के प्यारे लाल शर्मा स्मारक पहुंचे, जहां मीडिया से बातचीत के दौरान उन्होंने समाजवादी पार्टी पर निशाना साधा।
उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी के पास विकास का कोई ठोस एजेंडा नहीं है। अखिलेश यादव केवल जाति और धर्म के नाम पर राजनीति कर रहे हैं।
पाठक ने कहा, “जनता अब इन बातों को अच्छी तरह समझ चुकी है। प्रदेश की जनता विकास, कानून-व्यवस्था और सुशासन चाहती है, न कि तुष्टीकरण की राजनीति।”
कपसाड़ और ज्वालागढ़ कांड को लेकर पूछे गए सवाल पर उप मुख्यमंत्री ने कहा कि इन दोनों मामलों में दोषी बख्शे नहीं जाएंगे।
उन्होंने कहा कि जांच के बाद जो भी आरोपी सामने आएंगे, उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि उच्च अधिकारी इस मामले की लगातार निगरानी कर रहे हैं और शासन भी नजर बनाए हुए है।