KNEWS DESK – महाराष्ट्र में आज बीएमसी समेत 29 नगर निकायों के लिए मतदान हो रहा है। इस चुनाव को लेकर राज्य की राजनीति पूरी तरह गरमा गई है। जहां बीजेपी और शिवसेना (महायुति) मिलकर मैदान में हैं, वहीं एनसीपी ने अकेले चुनाव लड़ने का फैसला किया है। सबसे ज्यादा चर्चा मुंबई महानगरपालिका (BMC) की है, जिसका बजट 70 हजार करोड़ रुपये से ज्यादा का है।
मुंबई पर टिकीं सबकी नजरें
मुंबई में पिछली बार 2017 में नगर निगम चुनाव हुए थे। इस बार मुकाबला और भी दिलचस्प हो गया है। मुंबई में बीजेपी के नेतृत्व वाली महायुति का सीधा मुकाबला ठाकरे बंधुओं—उद्धव ठाकरे और राज ठाकरे से है। मतदान के दिन मुंबई में फिल्मी दुनिया से लेकर खेल जगत तक की कई नामचीन हस्तियां वोट डालने पहुंच रही हैं।
सुबह 7:30 बजे से शुरू हुई वोटिंग
मुंबई में कुल 1 करोड़ 3 लाख 44 हजार से ज्यादा मतदाता हैं। इनमें करीब 55.16 लाख पुरुष, 48.26 लाख महिला और 1,099 अन्य वोटर्स शामिल हैं। शहर में 2 हजार से ज्यादा स्थानों पर 10,231 पोलिंग स्टेशन बनाए गए हैं। मतदान सुबह 7:30 बजे शुरू हुआ और शाम 5:30 बजे तक चलेगा।
बीएमसी में कुल 227 वार्ड हैं, जिनके लिए 1700 उम्मीदवार मैदान में हैं। इनमें 822 पुरुष और 878 महिला उम्मीदवार शामिल हैं। पूरे राज्य में 893 वार्डों की 2869 सीटों के लिए प्रतिनिधि चुने जाएंगे, जिनमें मुंबई, पुणे और आसपास के इलाके शामिल हैं।
चुनाव के नतीजों के लिए मतगणना शुक्रवार, 16 जनवरी को होगी। इसके लिए 23 काउंटिंग सेंटर बनाए गए हैं। हर सेंटर पर एक साथ दो-दो वार्डों की गिनती की जाएगी।
15 जनवरी को सार्वजनिक अवकाश
महाराष्ट्र सरकार ने मतदान वाले दिन यानी 15 जनवरी को उन सभी इलाकों में सार्वजनिक अवकाश घोषित किया है, जहां नगर निगम चुनाव हो रहे हैं। चुनाव आयोग ने साफ किया है कि कर्मचारियों को वोट डालने के लिए 2 से 3 घंटे की छूट देना अनिवार्य होगा। नियमों का उल्लंघन करने वाली कंपनियों पर कार्रवाई की जाएगी। इस अवकाश के चलते BSE और NSE समेत शेयर बाजार भी आज बंद रहेंगे।
मुंबई में शांतिपूर्ण मतदान के लिए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। मुंबई पुलिस आयुक्त के निर्देशन में 10 अतिरिक्त पुलिस आयुक्त, 33 डीसीपी और 84 एसीपी तैनात किए गए हैं। इसके अलावा 25 हजार से ज्यादा पुलिसकर्मी और होम गार्ड तैनात हैं। संवेदनशील इलाकों में सीसीटीवी और ड्रोन से निगरानी की जा रही है।
सियासी संग्राम में नए गठबंधन
इस बार नगर निकाय चुनावों में कई अप्रत्याशित राजनीतिक समीकरण देखने को मिल रहे हैं। करीब 20 साल बाद राज ठाकरे और उद्धव ठाकरे मराठी वोटों को एकजुट करने की कोशिश में साथ आए हैं। वहीं पुणे और पिंपरी-चिंचवाड़ में अजित पवार की एनसीपी और शरद पवार गुट ने मिलकर चुनाव लड़ा है।