अस्थमा के चलते भर्ती हुईं सोनिया गांधी को मिली अस्पताल से छुट्टी, अब हालत में सुधार

डिजिटल डेस्क- कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष और राज्यसभा सांसद सोनिया गांधी की तबीयत में सुधार होने के बाद रविवार शाम उन्हें दिल्ली के सर गंगाराम अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। अस्पताल प्रशासन की ओर से जारी हेल्थ बुलेटिन में बताया गया कि इलाज पर सकारात्मक प्रतिक्रिया मिलने के कारण उनकी स्थिति अब स्थिर और बेहतर है। डॉक्टरों ने उन्हें घर पर आराम करने और नियमित इलाज जारी रखने की सलाह दी है। सर गंगाराम अस्पताल के चेयरमैन डॉ. अजय स्वरूप ने जानकारी दी कि सोनिया गांधी का इलाज वरिष्ठ चेस्ट मेडिसिन विशेषज्ञ डॉ. अरूप बसु की देखरेख में चल रहा था। उन्हें छाती में संक्रमण के कारण ब्रोंकियल अस्थमा की समस्या बढ़ने पर अस्पताल में भर्ती कराया गया था। ठंडे मौसम और बढ़ते प्रदूषण के चलते उनकी सांस की दिक्कतें बढ़ गई थीं, जिसके बाद एहतियात के तौर पर उन्हें अस्पताल में निगरानी में रखा गया।

डॉक्टरों के मुताबिक अब सेहत में सुधार

बताया गया है कि सोनिया गांधी को एंटीबायोटिक्स और अन्य सहायक दवाएं दी जा रही थीं, जिससे उनकी तबीयत में लगातार सुधार देखने को मिला। डॉक्टरों के मुताबिक फिलहाल उनकी हालत संतोषजनक है और किसी तरह की चिंता की बात नहीं है। अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद अब उनका इलाज घर पर ही जारी रहेगा और उन्हें कुछ दिनों तक विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। गौरतलब है कि सोनिया गांधी को 5 जनवरी की रात करीब 10 बजे तबीयत बिगड़ने पर सर गंगाराम अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उस समय उन्हें सांस लेने में परेशानी हो रही थी। मेडिकल जांच में सामने आया था कि ठंड और प्रदूषण के संयुक्त प्रभाव से उनका ब्रोंकियल अस्थमा बढ़ गया है। डॉक्टरों ने तत्काल इलाज शुरू किया और उनकी हालत पर लगातार नजर रखी गई।

हिमाचल दौरे के दौरान भी बिगड़ी थी तबियत

यह पहली बार नहीं है जब सोनिया गांधी को स्वास्थ्य कारणों से अस्पताल में भर्ती कराया गया हो। इससे पहले 7 जून 2025 को हिमाचल प्रदेश दौरे के दौरान भी उनकी तबीयत बिगड़ गई थी। उस वक्त वह शिमला में थीं और वहां के एक अस्पताल में उन्हें भर्ती कराया गया था। बाद में बेहतर इलाज के लिए उन्हें दिल्ली लाया गया और सर गंगाराम अस्पताल में भर्ती किया गया था। 79 वर्षीय सोनिया गांधी नियमित रूप से स्वास्थ्य जांच के लिए भी सर गंगाराम अस्पताल आती रही हैं। कांग्रेस पार्टी और उनके समर्थकों के लिए राहत की बात यह है कि अब उनकी तबीयत में सुधार है और डॉक्टरों ने उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी है। पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *