वेनेजुएला पर अमेरिकी कार्रवाई से भड़के पप्पू यादव, ट्रंप को बताया सनकी

डिजिटल डेस्क- कांग्रेस नेता और पूर्णिया से निर्दलीय सांसद पप्पू यादव ने वेनेजुएला में अमेरिका की कार्रवाई को लेकर पूर्व अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप पर तीखा हमला बोला है। पप्पू यादव ने ट्रंप को “सनकी” करार देते हुए कहा कि उनके इस पागलपन को एक दिन अमेरिका के लोग ही शांत करेंगे। उन्होंने आरोप लगाया कि ट्रंप की नीतियां दुनिया को अशांति की ओर धकेल रही हैं और इसके पीछे अमेरिका के स्वार्थ छिपे हुए हैं। पप्पू यादव ने कहा कि वेनेजुएला लंबे समय से शांति और स्थिरता बनाए रखने की कोशिश कर रहा है, लेकिन डोनाल्ड ट्रंप ने वहां हालात बिगाड़ने का काम किया। उनका कहना था कि अमेरिका की नजर वेनेजुएला के विशाल तेल और गैस भंडार पर है और इसी लालच में वहां दखल दिया जा रहा है। उन्होंने कहा, “एक तथाकथित सुपरपावर का यह घमंड पूरी दुनिया के लिए खतरनाक है। यह पूरी तरह से गलत रास्ता है।” उन्होंने आगे कहा कि डोनाल्ड ट्रंप अहंकार से भरे हुए नेता हैं और उनकी नीतियां केवल टकराव को बढ़ावा देती हैं। पप्पू यादव ने विश्वास जताया कि अमेरिका की जनता लोकतंत्र में भरोसा रखती है और वही ट्रंप के इस रवैये को ठंडा करेगी।

प्रियंका गांधी की जिम्मेदारी पर समर्थन

पप्पू यादव ने प्रियंका गांधी वाड्रा को असम कांग्रेस स्क्रीनिंग कमेटी की प्रमुख बनाए जाने पर भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि प्रियंका गांधी एक जानी-मानी और सम्मानित नेता हैं, जो लंबे समय से सामाजिक और राजनीतिक संघर्षों से जुड़ी रही हैं। पप्पू यादव ने साफ कहा कि प्रियंका गांधी को यह जिम्मेदारी किसी विरासत के तौर पर नहीं मिली है, बल्कि उन्होंने अपने संघर्ष और मेहनत के दम पर पार्टी में यह मुकाम हासिल किया है। उन्होंने कहा कि प्रियंका गांधी कांग्रेस संगठन और उसकी कार्यप्रणाली को भली-भांति समझती हैं और असम जैसे महत्वपूर्ण राज्य में उन्हें जिम्मेदारी दिया जाना पार्टी के लिए सही कदम है।

हिमंत बिस्वा सरमा पर तीखा हमला

असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा पर निशाना साधते हुए पप्पू यादव ने उन्हें इंसानियत, संविधान और लोकतांत्रिक मूल्यों का दुश्मन बताया। उन्होंने कहा कि प्रियंका गांधी को असम की जिम्मेदारी सौंपा जाना हिमंत बिस्वा सरमा के राजनीतिक भविष्य के लिए “अंतिम कील” साबित हो सकता है। पप्पू यादव का कहना था कि असम की जनता अब बदलाव चाहती है और कांग्रेस इसके लिए तैयार है।

महिलाओं के सम्मान पर कानून की मांग

इसके अलावा पप्पू यादव ने उत्तराखंड की मंत्री रेखा आर्या के पति गिरधारी के विवादित बयान की कड़ी निंदा की। उन्होंने कहा कि बेटी, मां या बहन किसी भी महिला के प्रति अपमानजनक टिप्पणी बर्दाश्त नहीं की जा सकती। पप्पू यादव ने मांग की कि महिलाओं के सम्मान की रक्षा के लिए एक सख्त कानून लाया जाए, जिसमें गलत और अपमानजनक शब्दों का इस्तेमाल करने वालों पर देशभर में प्रतिबंध लगाया जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *