Subh Muhurat 2026: इस साल 2026 में बिना मुहूर्त के होंगे शुभ कार्य, जानिए सनातन परंपरा की अबूझ तिथियां

KNEWS DESK- सनातन परंपरा में किसी भी शुभ और मांगलिक कार्य से पहले पंचांग देखकर तिथि, नक्षत्र और मुहूर्त का विशेष ध्यान रखा जाता है। विवाह, गृह प्रवेश, मुंडन या नए कार्य की शुरुआत—हर काम शुभ समय देखकर ही किया जाता है।
लेकिन हिंदू कैलेंडर में कुछ खास तिथियां ऐसी होती हैं, जिन्हें अबूझ मुहूर्त कहा जाता है। इन दिनों अलग से मुहूर्त देखने की जरूरत नहीं होती और आंख बंद कर शुभ कार्य किए जा सकते हैं।


आइए जानते हैं कि साल 2026 में कौन-कौन सी तिथियां अपने आप में शुभ मानी जाएंगी।

बसंत पंचमी – 23 जनवरी 2026

बसंत पंचमी बसंत ऋतु के आगमन का प्रतीक है। यह माघ माह के शुक्ल पक्ष की पंचमी तिथि को मनाई जाती है। इस दिन ज्ञान, कला और संगीत की देवी मां सरस्वती की पूजा होती है। विवाह, गृह प्रवेश और नए काम की शुरुआत के लिए यह दिन अत्यंत शुभ माना जाता है।

फुलेरा दूज – 19 फरवरी 2026

फाल्गुन शुक्ल द्वितीया को मनाई जाने वाली फुलेरा दूज भगवान श्रीकृष्ण और राधा रानी को समर्पित है। यह तिथि विवाह, मुंडन, गृह प्रवेश और अन्य मांगलिक कार्यों के लिए श्रेष्ठ मानी जाती है।

अक्षय तृतीया – 19 अप्रैल 2026

वैशाख शुक्ल तृतीया को मनाई जाने वाली अक्षय तृतीया को अत्यंत पुण्यदायी माना जाता है। इस दिन भगवान विष्णु और माता लक्ष्मी की पूजा से सुख-समृद्धि की प्राप्ति होती है। दान, स्नान, नई शुरुआत और खरीदारी के लिए यह दिन विशेष फलदायी होता है।

जानकी नवमी – 25 अप्रैल 2026

वैशाख मास की नवमी तिथि को माता सीता के जन्मोत्सव के रूप में जानकी नवमी मनाई जाती है। मान्यता है कि इस दिन किए गए शुभ कार्यों में सफलता की संभावना कई गुना बढ़ जाती है।

गंगा दशहरा – 25 मई 2026

ज्येष्ठ शुक्ल दशमी को गंगा दशहरा का पर्व मनाया जाता है, जो मां गंगा के पृथ्वी पर अवतरण का प्रतीक है। यह एक अबूझ मुहूर्त तिथि है। इस दिन बिना मुहूर्त देखे कोई भी शुभ कार्य किया जा सकता है।

भड़ली नवमी – 22 जुलाई 2026

आषाढ़ शुक्ल नवमी को भड़ली नवमी कहा जाता है। ज्योतिष शास्त्र के अनुसार इस दिन विवाह, लग्न, गृह प्रवेश जैसे कार्य पंचांग देखे बिना किए जा सकते हैं।

देवउठनी एकादशी – 20 नवंबर 2026

कार्तिक शुक्ल एकादशी को भगवान विष्णु योगनिद्रा से जागते हैं। इस दिन से सभी शुभ कार्यों पर लगी रोक समाप्त हो जाती है और विवाह समारोह फिर से शुरू हो जाते हैं।

यदि आप 2026 में किसी शुभ कार्य की योजना बना रहे हैं, तो ये अबूझ मुहूर्त तिथियां आपके लिए बेहद खास हैं। इन दिनों बिना किसी संशय के शुभ शुरुआत की जा सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *