अयोध्या पहुंचे आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू, रामलला के किए दर्शन-पूजन

KNEWS DESK- आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू शुक्रवार को रामनगरी अयोध्या पहुंचे। महर्षि वाल्मीकि अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर उनका स्वागत प्रदेश के कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही, अयोध्या विधायक वेद प्रकाश गुप्त और जिलाधिकारी निखिल टीकाराम फुंडे ने किया। एयरपोर्ट से मुख्यमंत्री सीधे श्री राम जन्मभूमि मंदिर के लिए रवाना हुए।

राम जन्मभूमि मंदिर परिसर में चंद्रबाबू नायडू ने रामलला के दर्शन-पूजन किए। वह प्रतिष्ठा द्वादशी के अवसर पर आयोजित विशेष धार्मिक अनुष्ठान में भी शामिल हुए। इसके साथ ही उन्होंने सप्त ऋषि मंदिर में भी दर्शन-पूजन कर आशीर्वाद लिया।

दर्शन-पूजन के बाद मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू ने कहा कि रामराज्य किसी भी सरकार के लिए एक आदर्श बेंचमार्क है। उन्होंने श्री राम जन्मभूमि मंदिर के निर्माण में योगदान देने वाले सभी लोगों की सराहना की।

नायडू ने कहा, “यह मंदिर भारत के लिए एक बड़ा आध्यात्मिक केंद्र बनेगा। अयोध्या मंदिर देश के आध्यात्मिक महत्व को बढ़ाने में बेहद अहम भूमिका निभाएगा। मुझे यहां आकर बहुत अच्छे दर्शन हुए। इसके लिए मैं उत्तर प्रदेश सरकार का धन्यवाद करता हूं।”

चंद्रबाबू नायडू ने उत्तर प्रदेश की विकास यात्रा की भी प्रशंसा की। उन्होंने कहा, “उत्तर प्रदेश बहुत अच्छा काम कर रहा है। अगर यूपी और बिहार विकसित होते हैं, तभी हम ‘विकसित भारत 2047’ का लक्ष्य हासिल कर सकते हैं। यूपी के मुख्यमंत्री बहुत अच्छा कार्य कर रहे हैं, इसके लिए मैं उन्हें बधाई देता हूं।” उन्होंने यह भी कहा कि अगले दो वर्षों में राम मंदिर अन्य मंदिरों के लिए एक बेंचमार्क बनेगा।

जानकारी के मुताबिक, मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू लगभग 3.30 घंटे अयोध्या में रहेंगे। इसके बाद वह दोबारा महर्षि वाल्मीकि एयरपोर्ट पहुंचेंगे और वहां से विजयवाड़ा एयरपोर्ट के लिए रवाना होंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *