डिजिटल डेस्क- मध्य प्रदेश के सतना जिले के रामपुर बघेलान से एक बेहद गंभीर और सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां एक महिला ने भाजपा नेता अशोक सिंह पर चाकू की नोक पर दुष्कर्म करने, उसका आपत्तिजनक वीडियो बनाने और वीडियो वायरल करने की धमकी देकर दोबारा शारीरिक संबंध बनाने के लिए मजबूर करने का आरोप लगाया है। मामले में आरोपी भाजपा नेता के खिलाफ छेड़छाड़, जान से मारने की धमकी समेत अन्य गंभीर धाराओं में केस दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। पीड़िता के अनुसार, यह सिलसिला करीब छह महीने पहले शुरू हुआ था। महिला ने अपनी शिकायत में बताया कि आरोपी अशोक सिंह ने उसके घर में घुसकर चाकू की नोक पर उसके साथ दुष्कर्म किया और इस दौरान वीडियो भी बना लिया। इसके बाद आरोपी लगातार वीडियो वायरल करने और परिवार को जान से मारने की धमकी देकर उसे चुप रहने के लिए मजबूर करता रहा। डर और दबाव के चलते महिला लंबे समय तक शिकायत दर्ज नहीं करा सकी।
काउंसलर और पीड़िता के बातचीत का वीडियो वायरल
महिला ने यह भी आरोप लगाया कि 20 दिसंबर को आरोपी एक बार फिर उसके पास पहुंचा और छेड़छाड़ की। इसके बाद उसने हिम्मत जुटाकर 22 दिसंबर को पुलिस अधीक्षक हंसराज सिंह से लिखित शिकायत की। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी ने उसी दिन जांच की जिम्मेदारी डीएसपी (हेडक्वार्टर) मनोज त्रिवेदी को सौंप दी। बीते पांच दिनों से पुलिस इस पूरे मामले की जांच कर रही है। इसी बीच इस मामले से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। वीडियो में पीड़िता यह कहते हुए नजर आ रही है कि वह अशोक सिंह के खिलाफ शिकायत दर्ज कराएगी। वहीं, वीडियो में मौजूद काउंसलर कथित तौर पर यह कहते सुने जा सकते हैं कि शिकायत करने से भी आरोपी का कुछ नहीं होगा। वीडियो के अंत में अशोक सिंह यह कहते नजर आते हैं कि उन्होंने कुछ भी गलत नहीं कहा।
बीजेपी नेता के कृत्य से तेज हुई सियासत, कांग्रेस ने उठाए सवाल
इस मामले को लेकर राजनीतिक बयानबाजी भी तेज हो गई है। मध्य प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने आरोपी भाजपा नेता के कथित धमकी वाले वीडियो को सोशल मीडिया पर शेयर किया है। उन्होंने मुख्यमंत्री मोहन यादव पर सवाल उठाते हुए कहा कि यह कैसा शासन है, जहां सत्ता से जुड़े नेता प्रदेश की बेटियों के साथ ऐसे घिनौने कृत्य करते हैं और पुलिस कार्रवाई में देरी होती है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि राजनीतिक संरक्षण के चलते आरोपी को बार-बार मौका मिला।जीतू पटवारी ने कहा कि यदि समय रहते कार्रवाई होती, तो आरोपी दोबारा पीड़िता के पास जाने की हिम्मत नहीं करता। उन्होंने भाजपा पर ऐसे मामलों में आरोपियों का संरक्षण करने का आरोप लगाया और निष्पक्ष कार्रवाई की मांग की।वहीं, पुलिस का कहना है कि मामले में सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच की जा रही है। डीएसपी मनोज त्रिवेदी ने बताया कि पीड़िता के बयान, वायरल वीडियो और अन्य साक्ष्यों की जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद ही विस्तृत जानकारी साझा की जाएगी।