KNEWS DESK – भारतीय क्रिकेट के दिग्गज ऑलराउंडर रहे सलीम दुर्रानी का नाम एक बार फिर चर्चा में है, लेकिन इस बार वजह मैदान से जुड़ी नहीं बल्कि उनकी निजी जिंदगी से जुड़ा एक चौंकाने वाला मामला है। साल 2023 में दुर्रानी के निधन के बाद अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक वीडियो ने सबका ध्यान खींचा है, जिसमें एक बुजुर्ग महिला खुद को उनकी पत्नी बता रही है।
वीडियो में दिख रही महिला की पहचान रेखा श्रीवास्तव के रूप में हुई है, जिन्हें हाल ही में नवी मुंबई के बेलापुर इलाके में सड़कों पर भीख मांगते हुए देखा गया था। यह वीडियो सामने आते ही मुंबई के आम लोगों से लेकर क्रिकेट जगत तक में हलचल मच गई है। दुर्रानी भले ही राजस्थान के लिए रणजी ट्रॉफी खेलते रहे हों, लेकिन उनका अधिकांश जीवन मुंबई में ही बीता।
महिला के दावे की सच्चाई जानने के लिए एनजीओ ‘हेल्प ड्राइव फाउंडेशन’ आगे आया है। संगठन ने रेखा श्रीवास्तव की बेटी का पता लगाया, जिसने पुष्टि की कि वीडियो में दिख रही महिला वास्तव में सलीम दुर्रानी की पूर्व पत्नी है। फिलहाल रिश्ते की पुख्ता पुष्टि के लिए बेटी और अन्य परिजनों से दस्तावेजी सबूत जुटाए जा रहे हैं।
संगठन के अनुसार, रेखा की बेटी ने लगभग 40 साल बाद वीडियो फुटेज के जरिए अपनी मां को देखा। इस वक्त रेखा नवी मुंबई के एक आश्रय गृह में रह रही हैं। मामला सामने आने के बाद पूर्व भारतीय क्रिकेटर अजय जडेजा ने भी एनजीओ से संपर्क कर मदद की पेशकश की है।
वहीं, मिड-डे से बातचीत में सलीम दुर्रानी के कुछ करीबी दोस्तों ने भी स्वीकार किया कि रेखा उनकी पहली पत्नी थीं। हालांकि, उन्होंने यह भी कहा कि वे पूरी तरह आश्वस्त नहीं हैं कि वायरल वीडियो में दिख रही महिला वही रेखा हैं, क्योंकि अब उनकी उम्र करीब 84 साल है और अधिकतर लोगों ने उन्हें आखिरी बार 40–50 साल पहले देखा था।