KNEWS DESK- अक्सर हम अपनी चीजें अपनों से साझा करने में संकोच नहीं करते। दोस्त हों या रिश्तेदार, जरूरत पड़ने पर चीजें देना-लेना आम बात है। लेकिन ज्योतिष और वास्तु शास्त्र में कुछ ऐसी वस्तुओं का जिक्र मिलता है, जिन्हें किसी के साथ साझा करना अशुभ माना गया है। मान्यताओं के अनुसार, ऐसा करने से व्यक्ति के जीवन में नकारात्मक ऊर्जा का प्रवेश हो सकता है, जिसका असर धन, स्वास्थ्य और रिश्तों पर दिखाई देता है।
कई बार लोग अनजाने में ये गलती कर बैठते हैं और बाद में आर्थिक परेशानियों, मानसिक तनाव या संबंधों में खटास का सामना करना पड़ता है। इसलिए जानना जरूरी है कि किन चीजों को न तो दोस्त और न ही पार्टनर के साथ साझा करना चाहिए।
कपड़े
ज्योतिष मान्यताओं के अनुसार, कपड़ों का संबंध व्यक्ति की ऊर्जा और भाग्य से होता है। पहने हुए कपड़े किसी को देना शुभ नहीं माना जाता। ऐसा करने से सकारात्मक ऊर्जा का स्थानांतरण हो सकता है और आर्थिक समस्याएं बढ़ने की आशंका रहती है।
अंगूठी
अंगूठी का सीधा संबंध ग्रहों और भाग्य से बताया गया है। खासतौर पर रत्न या धातु की अंगूठी किसी को देना अशुभ माना जाता है। इससे ग्रहों का शुभ प्रभाव कमजोर हो सकता है और किस्मत में रुकावटें आ सकती हैं।
जूते-चप्पल
जूते-चप्पल को भी किसी के साथ साझा नहीं करना चाहिए। मान्यता है कि ऐसा करने से व्यक्ति के मान-सम्मान में कमी आ सकती है और उसे बेवजह अपमान या परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है।
झाड़ू
वास्तु शास्त्र में झाड़ू को माता लक्ष्मी का प्रतीक माना गया है। घर की झाड़ू किसी को देना अशुभ होता है। ऐसा करने से धन हानि और आर्थिक तंगी आने की आशंका रहती है।
घड़ी
घड़ी को समय और जीवन की गति का प्रतीक माना जाता है। किसी को घड़ी देना या अपनी घड़ी किसी और को पहनने के लिए देना रिश्तों में दूरी और जीवन में अड़चनों का कारण बन सकता है।
ये मान्यताएं ज्योतिष और वास्तु शास्त्र पर आधारित हैं। इन्हें आस्था और विश्वास के अनुसार अपनाया जाता है।