नए साल में यूपी में बंपर सरकारी नौकरियां, 2026 में 1.5 लाख पदों पर भर्ती, पुलिस और शिक्षा विभाग में सबसे अधिक अवसर

KNEWS DESK- उत्तर प्रदेश में नए साल की शुरुआत में नौकरी की राह देखने वालों के लिए खुशखबरी है। उत्तर प्रदेश सरकार ने गुरुवार को घोषणा की कि वर्ष 2026 में कुल 1.5 लाख सरकारी कर्मचारियों की भर्तियां की जाएंगी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भर्ती प्रक्रिया को तेज करने के लिए सभी विभागों से खाली पदों की पूरी डिटेल तलब की है।

पिछले 8.5 वर्षों में राज्य ने 8.5 लाख से अधिक सरकारी पदों पर नियुक्तियां की हैं। अब नई भर्तियों के माध्यम से यूपी सरकार दस साल में 10 लाख लोगों को नौकरी देने के अपने लक्ष्य को पूरा करना चाहती है।

सरकारी घोषणा के अनुसार भर्ती प्रक्रिया में पुलिस, शिक्षा, राजस्व, स्वास्थ्य, आवास, बाल विकास, पोषण और जेल विभाग शामिल हैं। पुलिस और शिक्षा विभाग में लगभग 50,000-50,000 पदों पर भर्ती हो सकती है। राजस्व विभाग में करीब 20,000 पद होंगे। इसके अलावा आवास, स्वास्थ्य, बाल विकास, पोषण और जेल विभागों में भी कई अतिरिक्त पदों की घोषणा हो सकती है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, वैकेंसी की संख्या प्रत्येक विभाग की जरूरत और खाली पदों के अनुसार तय होगी।

सरकार ने भर्ती की प्रक्रिया को पारदर्शी और योग्यता-आधारित बनाने पर जोर दिया है। सभी विभागों को नियमित रूप से अपनी स्थिति की रिपोर्ट देने के निर्देश दिए गए हैं। विभागों को यह सुनिश्चित करना होगा कि विज्ञापन, आवेदन, स्क्रीनिंग और चयन के हर चरण में नियमों का पूरी तरह पालन हो।

1.5 लाख पदों की यह भर्ती उत्तर प्रदेश के इतिहास में किसी एक साल में अब तक की सबसे बड़ी भर्ती होगी। अगर राज्य अपने 10 लाख नौकरियों के लक्ष्य को पूरा कर लेता है, तो यह दशक में सबसे अधिक सरकारी नियुक्तियों वाला पहला राज्य बन जाएगा। अधिकारियों का कहना है कि पिछली भर्तियां समय पर और बिना किसी अनियमितता के पूरी की गई हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *