‘द ग्रेट इंडियन कपिल शो’ का धमाकेदार आगाज़, पहले एपिसोड में दिखेंगी प्रियंका चोपड़ा

KNEWS DESK- कॉमेडी और एंटरटेनमेंट से भरपूर ‘द ग्रेट इंडियन कपिल शो’ एक बार फिर दर्शकों को गुदगुदाने के लिए तैयार है। शो का नया सीजन 20 दिसंबर से नेटफ्लिक्स पर स्ट्रीम होने जा रहा है। इससे पहले मेकर्स ने पहले एपिसोड का एक मजेदार वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर किया है, जिसने फैंस की एक्साइटमेंट और बढ़ा दी है।

इस नए सीजन के पहले एपिसोड में बतौर गेस्ट देसी गर्ल प्रियंका चोपड़ा नजर आएंगी। वीडियो में प्रियंका का जोरदार स्वागत किया जाता है और वह कपिल शर्मा समेत पूरी टीम के साथ जमकर मस्ती करती दिखाई देती हैं। कपिल शर्मा मजाकिया अंदाज में प्रियंका से फ्लर्ट करते नजर आते हैं, जिस पर प्रियंका भी ठहाके लगाती दिखती हैं।

वीडियो में आगे सुनील ग्रोवर, कृष्णा अभिषेक और कीकू शारदा अपनी जबरदस्त कॉमेडी से न सिर्फ प्रियंका चोपड़ा बल्कि स्टूडियो में मौजूद ऑडियंस को भी हंसी से लोटपोट कर देते हैं। खास बात यह है कि प्रियंका, सुनील ग्रोवर के साथ गाना भी गाती नजर आती हैं, जो एपिसोड को और खास बना देता है।

शेयर किए गए वीडियो को देखकर साफ है कि ‘द ग्रेट इंडियन कपिल शो’ का पहला एपिसोड दर्शकों के लिए फुल एंटरटेनमेंट पैक होने वाला है और नए सीजन की शुरुआत धमाकेदार रहने वाली है।

कपिल शर्मा की बात करें तो हाल ही में उनकी फिल्म ‘किस किसको प्यार करूं 2’ सिनेमाघरों में रिलीज हुई है। वहीं प्रियंका चोपड़ा इन दिनों एस.एस. राजामौली की फिल्म ‘वाराणसी’ को लेकर सुर्खियों में हैं। इसके अलावा वह हॉलीवुड के कई प्रोजेक्ट्स पर भी काम कर रही हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *