KNEWS DESK – बॉलीवुड एक्ट्रेस अनुष्का शर्मा और भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार खिलाड़ी विराट कोहली एक बार फिर वृंदावन में प्रसिद्ध संत प्रेमानंद जी महाराज के दर्शन के लिए पहुंचे। दोनों की इस मुलाकात का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें कपल जमीन पर बैठकर हाथ जोड़कर महाराज जी की बातें सुनता नजर आ रहा है।

सादगी और श्रद्धा में नजर आया कपल
अनुष्का शर्मा और विराट कोहली अक्सर प्रेमानंद जी महाराज के दर्शन करने वृंदावन आते रहते हैं। इस बार भी दोनों बेहद सादगी भरे अंदाज में दिखाई दिए। अनुष्का ने गले में तुलसी की माला पहन रखी थी और पूरे समय शांत भाव में नजर आईं। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि महाराज जी की बातें सुनते हुए अनुष्का भावुक हो गईं और उनकी आंखों में आंसू छलक आए।
काफी समय बाद भारत लौटी अनुष्का शर्मा को लेकर कयास लगाए जा रहे थे कि वह किसी इंटरनेशनल इवेंट या फुटबॉलर लियोनल मेसी से मुलाकात के सिलसिले में आई हैं। हालांकि बाद में स्पष्ट हुआ कि अनुष्का और विराट हर साल की तरह इस बार भी सर्दियों में वृंदावन आकर प्रेमानंद जी महाराज का आशीर्वाद लेने पहुंचे हैं।
“हम आपके हैं महाराज जी”
दरबार में प्रेमानंद जी महाराज ने दोनों को ईश्वर से जुड़े रहने और भक्ति के मार्ग पर चलने का संदेश दिया। उनकी बातें सुनकर अनुष्का और विराट काफी प्रभावित नजर आए। महाराज जी की बात समाप्त होने के बाद अनुष्का ने मुस्कुराते हुए कहा, “आप हमारे हैं महाराज जी और हम आपके हैं।” इस पर प्रेमानंद जी महाराज ने जवाब दिया कि “हम सभी ईश्वर के हैं।”
इसके बाद कपल ने विनम्रता से महाराज जी को प्रणाम किया और उनकी सभा से विदा ली। अनुष्का और विराट की यह आध्यात्मिक मुलाकात एक बार फिर उनके सादगी और श्रद्धा से भरे जीवन की झलक दिखा गई, जिसे फैंस भी काफी पसंद कर रहे हैं।