KNEWS DESK- उत्तर प्रदेश बीजेपी को नया प्रदेश अध्यक्ष मिलना तय हो गया है। महराजगंज से सात बार के सांसद और केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री पंकज चौधरी को पार्टी ने प्रदेश अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी सौंपी है। शनिवार को उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, केंद्रीय पर्यवेक्षक विनोद तावड़े और वर्तमान प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी की मौजूदगी में भाजपा के प्रदेश मुख्यालय में नामांकन दाखिल किया। प्रदेश अध्यक्ष पद के लिए उनके अलावा किसी अन्य नेता ने नामांकन नहीं किया, जिससे उनका निर्विरोध चुना जाना तय हो गया है।
हालांकि पंकज चौधरी के प्रदेश अध्यक्ष चुने जाने की औपचारिक घोषणा रविवार को की जाएगी। यह घोषणा केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मौजूदगी में डॉ. राम मनोहर लोहिया राष्ट्रीय विधि विश्वविद्यालय के सभागार में आयोजित एक भव्य ‘मेगा इवेंट’ के दौरान होगी।
नामांकन के दौरान भाजपा प्रदेश मुख्यालय में भारी गहमागहमी देखने को मिली। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक, पूर्व केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी, प्रदेश सरकार के मंत्री सूर्य प्रताप शाही, स्वतंत्र देव सिंह, दारा सिंह चौहान, एके शर्मा और असीम अरुण तथा केंद्रीय मंत्री कमलेश पासवान ने पंकज चौधरी के नाम का प्रस्ताव रखा।
पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार पंकज चौधरी शनिवार दोपहर करीब दो बजे भाजपा मुख्यालय पहुंचे। उनके लखनऊ पहुंचते ही एयरपोर्ट से लेकर पार्टी कार्यालय तक कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिला। विशेष रूप से महराजगंज से आए समर्थकों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया और नारेबाजी की।
दिलचस्प बात यह रही कि दोपहर ढाई बजे तक यूपी बीजेपी के नए अध्यक्ष के नाम को लेकर रहस्य बना रहा। यह रहस्य तब खत्म हुआ जब पंकज चौधरी के नामांकन की पुष्टि सामने आई। इससे पहले सुबह करीब 11 बजे पूर्व केंद्रीय मंत्री साध्वी निरंजन ज्योति के पार्टी कार्यालय पहुंचने के बाद अटकलों का दौर तेज हो गया था। अंतिम समय तक अध्यक्ष पद को लेकर कयास लगाए जाते रहे और पंकज चौधरी के नाम सामने आने के बाद भी उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य समेत अन्य नेताओं को लेकर चर्चाएं चलती रहीं।