गोवा अग्निकांड: थाईलैंड से भारत कैसे आएंगे लूथरा ब्रदर्स? जानें प्रत्यर्पण प्रक्रिया…

KNEWS DESK- गोवा के बिर्च नाइट क्लब में 6 दिसंबर को लगी भीषण आग में 25 लोगों की मौत के बाद मामले में लगातार नए खुलासे सामने आ रहे हैं। क्लब के मालिक सौरभ लूथरा और गौरव लूथरा, जो हादसे के तुरंत बाद भारत छोड़कर थाईलैंड भाग गए थे, अब थाई पुलिस की हिरासत में हैं। जांच में पता चला है कि दोनों के तार सिर्फ बिर्च क्लब तक सीमित नहीं हैं, बल्कि 42 अन्य कंपनियों से जुड़े हैं, जिनमें से कई कागज पर दर्ज फर्जी कंपनियां भी शामिल हैं। हैरानी की बात यह है कि इनमें से अनेक कंपनियां एक ही पते पर रजिस्टर्ड हैं।

सूत्रों के अनुसार, थाईलैंड प्रशासन ने दोनों भाइयों के वीज़ा कैंसिल कर दिए हैं। अब उन्हें फुकेट से बैंकॉक के इमीग्रेशन डिटेंशन सेंटर में शिफ्ट किया जाएगा। कानूनी दस्तावेज़ों की प्रक्रिया पूरी होने के बाद सोमवार या मंगलवार तक दोनों को इमरजेंसी सर्टिफिकेट (EC) जारी किया जाएगा। इस दस्तावेज़ के जरिए वे बिना पासपोर्ट के भारत वापस लाए जा सकेंगे।

इमरजेंसी सर्टिफिकेट जारी होने के बाद उनकी फ्लाइट बुक की जाएगी और भारतीय एजेंसियां उन्हें अपने साथ भारत प्रत्यर्पित करेंगी।

लूथरा ब्रदर्स के भारत पहुंचते ही उन्हें तुरंत गिरफ्तार किया जाएगा। उनके खिलाफ गैर इरादतन हत्या, लापरवाही और क्लब संचालन में गंभीर चूक के मामले दर्ज हैं। भारत आने के 24 घंटे के भीतर उन्हें गोवा की अदालत में पेश किया जाएगा, जहां पुलिस उनकी हिरासत का अनुरोध करेगी।

गोवा पुलिस, जरूरत पड़ने पर, बैंकॉक जाकर थाई पुलिस और इमीग्रेशन अधिकारियों के साथ सीधे समन्वय कर सकती है। फिलहाल संभावना जताई जा रही है कि दोनों को बैंकॉक से दिल्ली और फिर दिल्ली से गोवा लाया जा सकता है। यह प्रक्रिया सोमवार या मंगलवार तक पूरी होने की उम्मीद है।

6 दिसंबर की रात गोवा के लोकप्रिय बिर्च नाइट क्लब में आग लग गई थी। आग इतनी तेज़ी से फैल गई कि कई लोग बाहर नहीं निकल सके और 25 लोगों की मौत हो गई। हादसे के बाद लूथरा ब्रदर्स मौके से फरार हो गए थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *