KNEWS DESK – आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने सोमवार को गुजरात के राजकोट में उन किसान परिवारों से मुलाकात की, जिन पर हाल ही में हड़दड़ आंदोलन के दौरान पुलिस कार्रवाई हुई थी। जेल से बाहर आए किसानों को सम्मानित करते हुए केजरीवाल ने भाजपा सरकार पर गंभीर आरोप लगाए और कहा कि “गुजरात में दमन की राजनीति चरम पर है।” उनके साथ आप के वरिष्ठ नेता गोपाल राय, गोपाल इटालिया और कई अन्य पदाधिकारी मौजूद थे।
“गुजरात त्रस्त है… भाजपा अंग्रेजों की तरह अहंकारी हो गई है”
किसानों से संवाद के दौरान केजरीवाल ने कहा कि आज भाजपा सरकार उसी तरह दमन कर रही है जैसे अंग्रेज़ भारतीयों पर अत्याचार करते थे। उन्होंने कहा, “महात्मा गांधी ने अंग्रेजों को भगाया था। अब समय है कि गुजरात की जनता भाजपा के अहंकार को भी खत्म करे।” उन्होंने किसानों से कहा कि यह लड़ाई सिर्फ कुछ लोगों की नहीं, बल्कि पूरे गुजरात के किसानों की लड़ाई है।
हड़दड़ कांड पर तीखा हमला
केजरीवाल ने याद दिलाया कि किस तरह कुछ सप्ताह पहले हड़दड़ में किसानों पर लाठीचार्ज किया गया, आंसू गैस छोड़ी गई और 88 किसानों को फर्जी मामलों में जेल भेजा गया। उन्होंने बताया, भाजपा सरकार ने उनकी सभा को रोकने के लिए मंच तुड़वाया| पुलिस ने उन्हें किसानों से मिलने नहीं दिया| शांतिपूर्ण तरीके से अपना हक मांग रहे किसानों को अपराधी की तरह जेल में डाला गया| केजरीवाल ने कहा कि गुजरात की छवि महात्मा गांधी और सरदार पटेल की रही है, लेकिन आज यहां अहिंसक किसानों को भी दबाया जा रहा है।
“जब तक सभी 88 किसान जेल से बाहर नहीं आते, चैन से नहीं बैठेंगे”
केजरीवाल ने बताया कि 88 गिरफ्तार किसानों में से अभी 42 लोग ही जेल से बाहर आए हैं, जबकि 46 अभी भी जेल में बंद हैं। उन्होंने कहा, “जब तक एक-एक किसान जेल से बाहर नहीं आ जाता, आम आदमी पार्टी चैन की सांस नहीं लेगी। हमने वकीलों की टीम बनाई है जो सभी को बाहर लाएगी।” उन्होंने हड़दड़ आंदोलन को “गुजरात छोड़ो आंदोलन” बताते हुए दावा किया कि भाजपा का दमन चुनाव में उसका अंत साबित होगा।
भाजपा पर तीखा प्रहार करते हुए केजरीवाल ने कहा, गुजरात के कोने-कोने में शराब और ड्रग्स बिक रहा है| नकली शराब बनाने वाले गिरफ्तार नहीं होते| नशा बेचने वाले सत्ता से जुड़े लोग हैं| कार्रवाई सिर्फ किसानों पर होती है| उन्होंने कहा कि यह शासन “न्याय के खिलाफ और दमन के पक्ष में” है।
गोपाल राय बोले
आप के गुजरात प्रभारी गोपाल राय ने कहा कि हड़दड़ आंदोलन सिर्फ किसान आंदोलन नहीं, बल्कि गुजरात की नई जनक्रांति की शुरुआत है। उन्होंने कहा कि सरकार के डर से वर्षों से चुप रहने वाली जनता अब खुलकर खड़ी हो रही है।
उन्होंने दावा किया कि सुदामड़ा, जामनगर, खंभालिया, सोमनाथ, बारडोली, आनंद, बनासकांठा में हजारों किसान एकजुट हो चुके हैं| 14 दिसंबर को कच्छ में विशाल किसान महापंचायत होने जा रही है| यह क्रांति अब रुकने वाली नहीं है|