KNEWS DESK – लोकसभा में वंदे मातरम पर हो रही चर्चा के दौरान कांग्रेस की सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा ने सरकार को तीखे शब्दों में घेरा। उन्होंने कहा कि वंदे मातरम ऐसा विषय है जो देश की आत्मा और स्वतंत्रता संग्राम की भावना से जुड़ा है, इस पर बहस की आवश्यकता ही नहीं थी। प्रियंका का आरोप था कि यह चर्चा राजनीतिक मकसद से प्रेरित है, खासकर ऐसे समय में जब पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव करीब हैं।
“वंदे मातरम देश के कण-कण में, बहस की जरूरत ही नहीं”
प्रियंका गांधी ने कहा कि वंदे मातरम सिर्फ एक गीत नहीं बल्कि स्वतंत्रता संग्राम के दौरान भारतीयों की नैतिक शक्ति और संकल्प का प्रतीक है। उन्होंने कहा, “150 वर्षों से वंदे मातरम इस देश की आत्मा का हिस्सा है। यह गीत सोए हुए भारत को जगाने वाला गीत था। आज इस पर चर्चा क्यों? मकसद क्या है?” प्रियंका ने आरोप लगाया कि सरकार इस महान गीत का उपयोग राजनीतिक फायदे के लिए कर रही है।
मोदी सरकार पर करारा हमला
सदन में प्रियंका गांधी वाड्रा ने प्रधानमंत्री मोदी पर भी सीधा हमला बोला। उन्होंने कहा, “प्रधानमंत्री मोदी अब वो पीएम नहीं रहे जो पहले हुआ करते थे। उनकी नीतियां देश को कमजोर कर रही हैं। भाषण तो अच्छा देते हैं लेकिन तथ्यों में कमजोर पड़ जाते हैं।”
इसके साथ ही उन्होंने कहा कि सरकार जनता के असली मुद्दों पर बात नहीं करना चाहती, इसलिए वंदे मातरम जैसे मुद्दों को बहस के केंद्र में लाया जा रहा है।
प्रियंका ने कहा कि देश महंगाई, बेरोजगारी, महिलाओं के खिलाफ अपराध और प्रदूषण जैसे गंभीर मुद्दों से जूझ रहा है, लेकिन सरकार उन पर चर्चा नहीं करती। उन्होंने कहा, “आज देश का हर वर्ग परेशान है। सत्ता का केंद्रीकरण देश के लिए नुकसानदायक हो रहा है। जनता सवाल पूछ रही है, लेकिन जवाब देने वाला कोई नहीं है।”
नेहरू पर हमले का जवाब
प्रियंका गांधी ने वंदे मातरम बहस के दौरान नेहरू पर उठाए गए सवालों का बचाव भी किया। उन्होंने कहा, “अगर नेहरू जी ने इसरो नहीं बनाया होता, तो आज आप चांद पर नहीं पहुंचते। अगर उन्होंने सेल, भेल, गेल नहीं बनाए होते तो भारत का विकास कैसे होता?”
उन्होंने सरकार को चुनौती देते हुए कहा कि यदि नेहरू पर बहस करनी है तो उसके लिए अलग समय निर्धारित किया जाए और पूरी तैयारी के साथ चर्चा हो।
“वंदे मातरम विवाद बनाना पाप है”
प्रियंका ने कहा कि कांग्रेस के हर अधिवेशन में वंदे मातरम सामूहिक रूप से गाया जाता है। उन्होंने सरकार पर आरोप लगाया कि वह इस गीत को विवादित बनाकर देश के महापुरुषों का अपमान कर रही है। “वंदे मातरम एक राजनीतिक टूल नहीं, यह भारत की आत्मा का हिस्सा है। इसे विवादित बनाना बेहद बड़ा पाप है।”