KNEWS DESK- रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बीच हैदराबाद हाउस में आज महत्वपूर्ण द्विपक्षीय वार्ता जारी है। इस हाई-लेवल बातचीत में भारत और रूस के बीच रक्षा, ऊर्जा, व्यापार और वैश्विक मुद्दों पर चर्चा के साथ-साथ यूक्रेन संकट पर भी विस्तार से बात हुई।
वार्ता के दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने एक बार फिर शांति के प्रति भारत की प्रतिबद्धता दोहराई। उन्होंने कहा कि “भारत तटस्थ नहीं है। भारत का पक्ष शांति का है। हमें विश्वास है कि रूस और यूक्रेन जल्द ही शांति के मार्ग पर आगे बढ़ेंगे।”
पीएम मोदी ने यह भी कहा कि “विश्व का कल्याण केवल शांति के मार्ग से ही संभव है। हम हर उस प्रयास के साथ हैं जो दुनिया को तनाव से मुक्त करने में मदद करे।”
रूसी राष्ट्रपति पुतिन ने यूक्रेन संकट को कम करने के लिए भारत के प्रयासों की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी की पहल ने संवाद और समाधान के लिए सकारात्मक माहौल बनाया है।
प्रधानमंत्री मोदी ने भारत-रूस संबंधों के ऐतिहासिक पहलुओं पर बात करते हुए कहा कि “2001 में आपके पदभार संभालने के बाद भारत-रूस रणनीतिक साझेदारी की मजबूत नींव रखी गई थी।” “मेरे लिए भी यह 25 साल का संबंध खास है, जो हमारी मैत्री और भरोसे को नई ऊंचाइयों पर ले गया है।”
रूस–यूक्रेन युद्ध के बीच यह यात्रा वैश्विक स्तर पर ध्यान आकर्षित कर रही है। साथ ही अमेरिका–भारत संबंधों में तनाव के समय यह वार्ता भू-राजनीतिक रूप से बेहद महत्वपूर्ण मानी जा रही है।