डिजिटल डेस्क- राजधानी दिल्ली के कृष्णा नगर स्थित गोयल हॉस्पिटल से एक बेहद शर्मनाक और चौंकाने वाली घटना सामने आई है। यहां इलाज के दौरान एक बुजुर्ग महिला की मौत के बाद अस्पताल के भीतर ही उनके गहने चोरी कर लिए गए। इस वारदात का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसके वायरल होने के बाद पुलिस ने अब जाकर FIR दर्ज की है। 11 नवंबर की सुबह करीब 5 बजे महिला को गंभीर हालत में गोयल हॉस्पिटल लाया गया था। परिजनों के मुताबिक इमरजेंसी वार्ड में प्रारंभिक इलाज के दौरान उनके कानों के टॉप्स और चेन सुरक्षित थे। लेकिन करीब 5:45 बजे अस्पताल ने महिला की हालत ‘क्रिटिकल’ बताकर उन्हें जीटीबी अस्पताल रेफर कर दिया। वहां पहुंचने से पहले ही महिला की मौत हो चुकी थी।
शव से गायब थे टॉप्स और चेन
परिजनों का कहना है कि शव को ले जाते समय उन्होंने अचानक देखा कि महिला के कानों के टॉप्स और उनकी सोने की चेन गायब थी। परिवार ने जब अस्पताल से सवाल किया, तो स्टाफ कोई स्पष्ट जवाब नहीं दे पाया। यहां तक कि पुलिस ने भी शुरुआती शिकायत पर ढिलाई दिखाई और कहा कि उनके पास दूसरे “महत्वपूर्ण काम” हैं। परिजनों ने अस्पताल के सीसीटीवी फुटेज की जांच की मांग की। जब फुटेज देखा गया, तो उसमें साफ दिखा कि अस्पताल की एक महिला स्टाफ मृतका के गहने निकाल रही थी। यह वीडियो सोशल मीडिया पर भी तेजी से वायरल हो गया, जिसके बाद दबाव बढ़ा और पुलिस ने FIR दर्ज कर ली।
अस्पताल ने आरोपी स्टाफ को हटाने का दावा किया
गोयल हॉस्पिटल प्रबंधन का कहना है कि जिस महिला स्टाफ ने चोरी की, उसे नौकरी से टर्मिनेट कर दिया गया है। हालांकि परिजन सवाल उठा रहे हैं कि अस्पताल ने तुरंत कार्रवाई क्यों नहीं की और यह चोरी रोकने के लिए सुरक्षा व्यवस्था क्यों नहीं थी। इस घटना ने एक बार फिर निजी अस्पतालों की सुरक्षा और नैतिक जिम्मेदारियों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। लोग सोशल मीडिया पर अस्पताल प्रशासन और पुलिस दोनों की कार्यशैली को लेकर नाराजगी जाहिर कर रहे हैं।