बिहार में नई सरकार के गठन से पहले सियासी हलचल तेज,  NDA के विधायकों की आज बैठक

KNEWS DESK- बिहार में नीतीश कुमार के नेतृत्व में नई सरकार बनने की प्रक्रिया तेज हो गई है। शपथ ग्रहण समारोह से एक दिन पहले, बुधवार को राजधानी पटना में पूरे दिन राजनीतिक गतिविधियों का दौर जारी रहेगा। भाजपा और जदयू अपने-अपने विधायक दल की अलग-अलग बैठकें आयोजित करेंगे, जिसके बाद एनडीए विधायक दल की संयुक्त बैठक होगी।

बुधवार सुबह 11 बजे भाजपा और जदयू विधायकों की अलग-अलग बैठकें होंगी। भाजपा ने अपने विधायकों को 10.30 बजे तक पार्टी कार्यालय पहुंचने के निर्देश दिए हैं, वहीं जदयू के विधायकों को एक, अणे मार्ग में इकट्ठा होने को कहा गया है। दोनों दलों की बैठकें समानांतर रूप से 11 बजे शुरू होंगी।

दोपहर 3.30 बजे सेंट्रल हॉल में एनडीए विधायक दल की बैठक होगी। इसमें सभी घटक दलों के विधायक और वरिष्ठ नेता शामिल होंगे। इस बैठक में नीतीश कुमार को औपचारिक रूप से एनडीए विधायक दल का नेता चुन लिया जाएगा। इसके बाद सभी घटक दलों के नेता उनके साथ राजभवन जाएंगे और नई सरकार बनाने का दावा पेश करेंगे।

नीतीश कुमार 20 नवंबर को सुबह 11:30 बजे गांधी मैदान में 10वीं बार मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। यह समारोह भव्य होने की तैयारी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गुरुवार को पटना पहुंचकर शपथ ग्रहण में शामिल होंगे। वहीं गृह मंत्री अमित शाह बुधवार को ही पटना आने वाले हैं।

भाजपा ने एनडीए शासित सभी राज्यों के मुख्यमंत्री, उप मुख्यमंत्री, पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा और कई केंद्रीय मंत्रियों को समारोह में आमंत्रित किया है, जिससे यह कार्यक्रम राष्ट्रीय स्तर पर भी खासा चर्चा में है।

बिहार की राजनीति में एक बार फिर अहम मोड़ पर खड़ी इस सरकार के गठन से जुड़े सभी चरण बुधवार और गुरुवार को पूरे किए जाएंगे, जिसके बाद नई सरकार आधिकारिक रूप से कामकाज संभाल लेगी।