धर्मेंद्र की तबीयत में सुधार, हेमा मालिनी ने दिया हेल्थ अपडेट

KNEWS DESK – बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता धर्मेंद्र इन दिनों स्वास्थ्य कारणों से घर पर ही इलाज करवा रहे हैं। उम्र संबंधी दिक्कतों के चलते उन्हें हाल ही में अस्पताल में भर्ती कराया गया था, लेकिन स्थिति स्थिर होने के बाद उन्हें डिस्चार्ज कर दिया गया। देओल परिवार के साथ रहकर अभिनेता अब धीरे-धीरे रिकवर कर रहे हैं। इस बीच उनकी पत्नी और मशहूर अभिनेत्री हेमा मालिनी ने धर्मेंद्र की तबीयत को लेकर नया अपडेट साझा किया है, जिससे फैंस ने राहत की सांस ली है।

देओल परिवार के करीबी सूत्र का बयान

देओल परिवार के एक करीबी सूत्र ने सुभाष के झा को बताया, “अगर भगवान ने चाहा, तो हम अगले महीने दो जन्मदिन मनाएंगे—धरमजी का और ईशा का।” धर्मेंद्र 8 दिसंबर को 90 साल के होने वाले हैं, जबकि उनकी बेटी ईशा देओल, जो 2 नवंबर को 44 साल की हुई थीं, ने अपने जन्मदिन का जश्न पिता के ठीक होने तक स्थगित कर दिया था।

https://www.instagram.com/p/DRKGjmQjSW8/

हेमा मालिनी ने दिया हेल्थ अपडेट

धर्मेंद्र की हेल्थ पर बात करते हुए हेमा मालिनी ने बताया कि “अभी वह ठीक हैं। हम एक-एक दिन के हिसाब से चल रहे हैं।” उन्होंने यह भी कहा कि डॉक्टरों की देखरेख और परिवार के प्यार के बीच धर्मेंद्र की सेहत में लगातार सुधार हो रहा है। घर के शांत और सकारात्मक माहौल में अभिनेता आराम और दवाइयों के साथ धीरे-धीरे स्वस्थ हो रहे हैं।

फैंस की दुआओं ने बढ़ाया हौसला

धर्मेंद्र की तबीयत बिगड़ने की खबर सामने आते ही उनके फैंस बेहद परेशान हो गए थे। कई जगहों पर प्रार्थनाएं की गईं और लोग लगातार उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करते रहे। अस्पताल में भर्ती होने के बाद सोशल मीडिया पर फैली उनकी झूठी मौत की अफवाहों ने हलचल मचा दी थी, जिसके बाद खुद हेमा मालिनी और ईशा देओल ने बयान जारी करके स्पष्ट किया था कि अभिनेता बिल्कुल ठीक हैं और रिकवर कर रहे हैं।

फिलहाल धर्मेंद्र घर पर रहकर आराम कर रहे हैं और डॉक्टरों द्वारा दी गई सलाह का पालन कर रहे हैं। परिवार के सदस्यों की मौजूदगी और फैंस का प्यार उन्हें तेजी से रिकवर करने में मदद कर रहा है।