डिजिटल डेस्क- बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के नतीजों में कई बड़े उलटफेर देखने को मिले, लेकिन सबसे अधिक चर्चा में रही अलीनगर सीट, जहां से लोकगीत और शास्त्रीय संगीत की युवा स्टार मैथिली ठाकुर ने इतिहास रच दिया है। मात्र 25 वर्ष की उम्र में उन्होंने भाजपा उम्मीदवार के रूप में जीत दर्ज कर बिहार की सबसे युवा विधायक बनने का रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया। मैथिली ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी को 11,730 वोटों से हराकर अलीनगर से शानदार जीत दर्ज की है। मैथिली ठाकुर की पहचान राजनीति से पहले ही राष्ट्रीय स्तर पर स्थापित हो चुकी थी। संगीत से जुड़े परिवार में जन्मी मैथिली ने अपने दादा और पिता से ही हिंदुस्तानी शास्त्रीय संगीत, मैथिली लोकगीत, हारमोनियम और तबला का प्रशिक्षण प्राप्त किया। गाते-गाते ही उनकी प्रतिभा बचपन में ही निखर गई और परिवार उनके भविष्य को देखते हुए उन्हें दिल्ली ले गया। वहां रहते हुए मात्र 10 वर्ष की उम्र में उन्होंने जागरण और बड़े संगीत कार्यक्रमों में परफॉर्मेंस देना शुरू कर दिया था।
लोकप्रिय रियलिटी शो का रही हैं हिस्सा
11 साल की उम्र में वह लोकप्रिय रियलिटी शो ‘सारेगामापा लिटिल चैंप्स’ में दिखीं। इसके बाद 15 वर्ष की उम्र में उन्होंने ‘इंडियन आइडल जूनियर’ में अपनी मजबूत मौजूदगी दर्ज की। सिर्फ 16 साल की उम्र में वे ‘आई जीनियस यंग सिंगिंग स्टार’ प्रतियोगिता जीतकर सुर्खियों में आ चुकी थीं। बाद में ‘राइजिंग स्टार’ में वे केवल दो वोटों के अंतर से रनर-अप रहीं। उनकी लोकप्रियता सोशल मीडिया पर लगातार बढ़ती रही। फेसबुक और यूट्यूब पर उनके वीडियो लाखों में देखे जाने लगे। अपने भाइयों ऋषभ और अयाची के साथ की गई उनकी परफॉर्मेंस ने उन्हें अंतरराष्ट्रीय मंचों तक पहुंचा दिया।
2019 में नियुक्त हुई थीं मधुबनी की ब्रांड एंबेसडर
2019 में चुनाव आयोग ने उन्हें मधुबनी का ब्रांड एंबेसडर नियुक्त किया था। रामचरितमानस और लोकगीतों के उनके गायन ने उन्हें घर-घर तक पहचान दिलाई और मधुबनी कला को बढ़ावा देने में भी उन्होंने अहम भूमिका निभाई। 14 अक्टूबर 2025 को मैथिली ठाकुर ने औपचारिक रूप से भाजपा की सदस्यता ली। पार्टी ने जनता में उनकी लोकप्रियता और मजबूत छवि देखते हुए उन्हें अलीनगर विधानसभा सीट से टिकट दिया। चुनाव प्रचार के दौरान उनकी सभाओं में बड़ी संख्या में युवा और महिलाएं शामिल होती रहीं, जिसने उनकी जीत की मजबूत नींव तैयार की।