KNEWS DESK – पूर्व भारतीय कप्तान महेंद्र सिंह धोनी इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 में भी खेलते नजर आ सकते हैं। चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) के सीईओ काशी विश्वनाथन ने इस बात के संकेत देते हुए कहा कि उन्हें पूरा भरोसा है कि धोनी आगामी IPL सीजन में टीम के लिए मैदान पर खेलेंगे।

काशी विश्वनाथन का बयान
इंडिया टुडे से बातचीत में काशी विश्वनाथन ने कहा, “हमें पूरा विश्वास है कि वह (माही) उपलब्ध होंगे और हमारे लिए खेलेंगे।” धोनी ने IPL की शुरुआत से ही CSK का प्रतिनिधित्व किया है। हालांकि, जब टीम पर दो साल का बैन लगा, तो उन्हें राइजिंग पुणे सुपर जायंट्स के लिए खेलना पड़ा। यदि धोनी IPL 2026 में खेलते हैं, तो यह CSK के साथ उनका 17वां और कुल IPL करियर का 19वां सीजन होगा।
रिटेन और ऑक्शन
IPL 2025 के मेगा ऑक्शन से पहले CSK ने धोनी को अनकैप्ड खिलाड़ी के रूप में 4 करोड़ रुपये में रिटेन किया था। यह नियम उन भारतीय खिलाड़ियों पर लागू होता है, जिन्होंने पिछले पांच साल से अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट नहीं खेला है। CSK ने उसी समय धोनी के अलावा चार और बड़े खिलाड़ियों को भी रिटेन किया था।
धोनी की कप्तानी में CSK के IPL खिताब
महेंद्र सिंह धोनी की कप्तानी में CSK ने अब तक पाँच IPL खिताब जीते हैं। IPL 2025 में जब कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ चोट की वजह से बाहर हो गए, तो टीम की कमान फिर से धोनी के हाथों में गई। हालांकि, टीम पिछली बार अंकतालिका में सबसे नीचे रही।
IPL 2023 में खिताब जीतने के बाद धोनी ने मुंबई में घुटने की सर्जरी कराई थी। सर्जरी के बाद उन्होंने 2024 और 2025 में खेलना जारी रखा, लेकिन ज्यादातर मैचों में निचले क्रम में बल्लेबाजी की। इसके बावजूद, उनकी अनुभव और मैदान पर उपस्थिति टीम के लिए सबसे बड़ी ताकत बनी हुई है।