3 साल की हुईं रणबीर-आलिया की बेटी राहा, बुआ रिद्धिमा ने किया प्यार भरा विश

KNEWS DESK – रणबीर कपूर और आलिया भट्ट की नन्ही परी राहा कपूर गुरुवार, 6 नवंबर को तीन साल की हो गईं। कपूर और भट्ट परिवार के साथ-साथ फैन्स ने भी राहा को जन्मदिन की ढेर सारी शुभकामनाएं दीं। जन्म से ही चर्चाओं में रहने वाली राहा सोशल मीडिया पर भी अक्सर सुर्खियों में बनी रहती हैं। जब रणबीर ने पहली बार बेटी को मीडिया के सामने लाकर फोटोग्राफर्स से मिलवाया था, तब हर कोई उनकी प्यारी मुस्कान का दीवाना हो गया था।

रिद्धिमा कपूर ने लुटाया भतीजी पर प्यार

राहा के जन्मदिन के मौके पर उनकी बुआ रिद्धिमा कपूर साहनी ने भी अपने इंस्टाग्राम स्टोरीज़ पर बेहद प्यारा नोट शेयर किया। उन्होंने लिखा, “तीन साल की मिठास, आलिंगन और मुस्कान। जन्मदिन मुबारक हो मेरी रारू पारू। तुम हमारे आसमान का सबसे प्यारा नन्हा सितारा हो। मैं तुमसे बहुत प्यार करती हूं।” रिद्धिमा का यह पोस्ट देखते ही फैंस और फैमिली मेंबर्स ने कमेंट्स में प्यार बरसाना शुरू कर दिया। बुआ और भतीजी के इस खूबसूरत रिश्ते ने सभी का दिल जीत लिया।

राहा के लिए कई निकनेम रख चुकी हैं रिद्धिमा

रिद्धिमा कपूर अपनी भतीजी राहा से बेहद करीब हैं। हाल ही में एक इंटरव्यू में उन्होंने बताया था कि रणबीर और आलिया दोनों बहुत जिम्मेदार माता-पिता हैं। “रणबीर एक लाड़-प्यार करने वाले पिता हैं और आलिया एक मेहनती मां। दोनों मिलकर राहा की परवरिश बखूबी कर रहे हैं,” रिद्धिमा ने कहा, उन्होंने यह भी खुलासा किया कि राहा के लिए उनके पास कई प्यारे निकनेम हैं, “कभी मैं उसे पॉप्सिकल, लॉलीपॉप, पूप्सूज़, पूप्सीज़, स्ट्रॉबेरी कुछ भी कह देती हूं। वह बहुत प्यारी है।”

राहा ने भी दिया बुआ को निकनेम

रिद्धिमा ने आगे मुस्कुराते हुए बताया कि राहा ने उनके लिए भी एक निकनेम रखा है। उन्होंने कहा, “राहा मेरे डॉग किलियन को बहुत प्यार करती है। जब हम मुंबई से फेसटाइम करते हैं, तो वह उसे ‘किल्ली बू’ या ‘किल्ली एम’ कहती है। हर बार उसे ऐसा कहते सुनकर मेरा दिल पिघल जाता है।”

राहा के जन्मदिन पर कपूर परिवार के सभी सदस्य बेहद खुश नजर आए। रिपोर्ट्स के मुताबिक, रणबीर और आलिया ने परिवार के साथ घर पर ही छोटी-सी बर्थडे सेलिब्रेशन रखी। वहीं फैंस अब राहा की नई तस्वीरों का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।