KNEWS DESK- आगामी विधानसभा चुनाव से पहले मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने राज्य की जनता को संबोधित करते हुए एक भावनात्मक वीडियो संदेश जारी किया है। अपने संदेश में उन्होंने बिहार के विकास, सामाजिक सौहार्द और सुशासन को लेकर अपनी सरकार की उपलब्धियों का उल्लेख किया और जनता से फिर एक बार भरोसा जताने की अपील की।
नीतीश कुमार ने कहा कि वर्ष 2005 से लगातार जनता ने उन्हें बिहार की सेवा करने का अवसर दिया, और इस दौरान राज्य ने हर क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति की है। उन्होंने कहा, “जब हमने शासन संभाला था, तब ‘बिहारी’ कहलाना एक अपमान समझा जाता था। लेकिन हमने ईमानदारी और मेहनत से काम किया, और आज ‘बिहारी’ कहलाना गर्व की बात है।”
मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार ने समाज के हर वर्ग- हिंदू-मुस्लिम, सवर्ण, पिछड़ा, अति-पिछड़ा, दलित और महादलित — के लिए समान रूप से काम किया है। “हमने किसी के साथ भेदभाव नहीं किया। सबके विकास के लिए योजनाएं बनाई और उन्हें जमीन पर उतारा। मैंने अपने परिवार के लिए कुछ नहीं किया, केवल जनता की सेवा को ही अपना धर्म माना,” उन्होंने कहा। नीतीश कुमार ने इस दौरान राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) की भूमिका पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य में एनडीए की सरकार होने से विकास की गति दोगुनी हुई है।
नीतीश कुमार का यह वीडियो संदेश सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर जारी किया गया है। संदेश के माध्यम से उन्होंने न केवल अपनी उपलब्धियों को गिनाया, बल्कि आने वाले चुनाव में जनता से पुनः विश्वास जताने की अपील भी की।
राजनीतिक विश्लेषकों के अनुसार, नीतीश कुमार का यह संबोधन चुनावी माहौल में जनता के बीच एक सकारात्मक संदेश देने की कोशिश है कि उन्होंने बिहार की पहचान को बदलने में अहम भूमिका निभाई है और अब राज्य को आगे बढ़ाने के लिए निरंतरता आवश्यक है।