डिजिटल डेस्क- उत्तर प्रदेश के महराजगंज जिले से इंसानियत को शर्मसार करने वाली एक दर्दनाक घटना सामने आई है। जिले के पनियरा थाना क्षेत्र के एक गांव में तंत्र-मंत्र के शक में ग्रामीणों ने एक महिला के साथ अमानवीय व्यवहार किया। आरोप है कि देर रात श्मशान घाट पर पूजा कर रही महिला को ग्रामीणों ने निर्वस्त्र कर बेरहमी से पीटा और उसे गांव के चौराहे तक घसीटते हुए ले गए। जानकारी के अनुसार, महिला बुधवार रात श्मशान घाट पर तंत्र-मंत्र और पूजा करने गई थी। बताया जा रहा है कि वहां दो तांत्रिक पहले से मौजूद थे और महिला उन्हीं के साथ औघड़ पूजा में शामिल थी। इसी दौरान कुछ ग्रामीण वहां पहुंचे और महिला को बिना कपड़ों के पूजा करते देखकर भड़क गए। उन्होंने महिला पर जादू-टोना करने का आरोप लगाया और उसकी निर्ममता से पिटाई शुरू कर दी।
पिटाई का वीडियो सोशल मीडिया में हुआ वायरल
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, महिला ने खुद को बचाने के लिए किसी तरह शाल से शरीर ढकने की कोशिश की और वहां से भागने लगी, लेकिन भीड़ ने उसे पकड़ लिया और फिर से निर्वस्त्र कर पीट दिया। इसके बाद उसे श्मशान घाट से घसीटते हुए गांव के चौराहे तक लाया गया। इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो किसी ने बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया, जिससे मामला तूल पकड़ गया।

महिला के बेटे ने अपमान से व्यथित हो फांसी लगाकर जान देने की कोशिश की
घटना के बाद महिला का परिवार सदमे में है। महिला का बेटा अपमान और भय से इतना व्यथित हुआ कि उसने फांसी लगाकर आत्महत्या करने की कोशिश की। हालांकि, समय रहते ग्रामीणों ने उसे बचा लिया। इसके बाद परिवार गांव छोड़कर रिश्तेदारों के घर चला गया।
पुलिस ने वीडियो के आधार पर लिया स्वतः संज्ञान
मामले में पुलिस ने तत्काल कार्रवाई की है। थानाध्यक्ष आशीष कुमार सिंह ने बताया कि वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने स्वतः संज्ञान लेते हुए जांच शुरू की। अब तक छह आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है और उनसे पूछताछ जारी है। साथ ही, पुलिस उन दो तांत्रिकों की तलाश भी कर रही है जो महिला से श्मशान घाट पर पूजा करा रहे थे।