मुजफ्फरपुर में पीएम मोदी की जनसभा, छठ महापर्व का सम्मान और RJD-कांग्रेस पर बोला जमकर हमला

KNEWS DESK- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मुजफ्फरपुर में आयोजित विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए बिहार के मतदाताओं से भावुक संवाद किया और छठ महापर्व का महत्व रेखांकित किया। उन्होंने अपने भाषण की शुरुआत भारत माता के जयकारे से की और कहा कि बिहार के लोग उनके लिए हमेशा विशेष रहे हैं।

पीएम मोदी ने कहा कि यह उनकी छठ महापर्व के बाद पहली जनसभा है। उन्होंने छठ महापर्व को बिहार और देश का गौरव बताया और कहा कि यह पर्व क्षमता, ममता और सामाजिक समरसता का प्रतीक है। उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि उनकी सरकार छठ महापर्व को यूनेस्को की विश्व धरोहर सूची में शामिल करने के प्रयास में लगी हुई है, जिससे हर बिहारी और हिंदुस्तानी को गर्व महसूस होगा।

प्रधानमंत्री ने आरजेडी और कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि इन पार्टियों ने छठ महापर्व का अपमान किया और जनता के विश्वास को तोड़ा। पीएम ने कहा, “RJD और कांग्रेस के लिए छठ पूजा सिर्फ ड्रामा है। ऐसे लोगों को सजा मिलनी चाहिए।” उन्होंने राहुल गांधी और अन्य विपक्षी नेताओं पर कटाक्ष करते हुए कहा कि वे छठ महापर्व का अपमान कर जनता का सम्मान नहीं करते।

पीएम मोदी ने बिहार के विकास पर जोर देते हुए कहा कि RJD और कांग्रेस बिहार को कभी विकसित नहीं कर सकते। उन्होंने विपक्ष की तुलना “जंगलराज” से की और कहा कि उनकी पहचान है कट्टा, क्रूरता, कटुता, कुशासन और भ्रष्टाचार। मोदी ने कहा कि बिहार का विकसित होना देश के समग्र विकास के लिए जरूरी है और NDA सरकार इसे सुनिश्चित करेगी।