छठ माई की कृपा से बागेश्वर बाबा का शिष्य हुआ ठीक, धीरेंद्र शास्त्री ने सुनाई महिमा की कहानी

KNEWS DESK – देशभर में छठ महापर्व की धूम है। इसी बीच बागेश्वर धाम सरकार धीरेंद्र शास्त्री ने सत्यनारायण कथा के दौरान छठी माई की महिमा का बखान करते हुए भक्तों को छठ पर्व की शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर उन्होंने छठी माई का भजन गाकर पूरे माहौल को भक्तिमय बना दिया।

छठ माई की कृपा का चमत्कार

बागेश्वर धाम के प्रमुख सोशल प्रभारी केशव मेहता के स्वास्थ्य से जुड़ी एक घटना साझा करते हुए बाबा बागेश्वर ने बताया कि उनकी पत्नी ने बिहार के मधुबनी में छठ माई का व्रत करने का संकल्प लिया था। उस समय केशव मेहता अस्वस्थ थे। लेकिन जैसे ही उनकी पत्नी ने संकल्प लिया, उनकी सेहत में सुधार आने लगा। आज वे पूर्ण रूप से स्वस्थ हैं और अपने गृह जिले मधुबनी में छठ पर्व मना रहे हैं।

धीरेंद्र शास्त्री ने कहा — “यह कोई पुरानी कहानी नहीं, बल्कि छठ माई की वर्तमान कृपा का जीवंत उदाहरण है। जब भी सच्चे भाव से छठ माई का व्रत किया जाता है, तो वे हर संकट से रक्षा करती हैं।”

धीरेंद्र शास्त्री ने अपनी जन्मभूमि से ही छठ के पारंपरिक गीत गाकर श्रद्धालुओं को भाव-विभोर कर दिया। उन्होंने कहा कि छठ माई की आराधना से जीवन में शांति, समृद्धि और सुख प्राप्त होता है।

आज संध्या अर्घ्य, कल उगते सूर्य को अर्पित होगा जल

आज छठ पर्व का तीसरा दिन है — संध्या अर्घ्य का दिन। व्रती महिलाएं स्नान के बाद स्वच्छ वस्त्र धारण करती हैं और बांस की सूप में फल, ठेकुआ, नारियल और दीपक रखकर जल में खड़ी होकर ‘ॐ सूर्याय नमः’ मंत्र के साथ सूर्यदेव और छठी माई को अर्घ्य देती हैं। कल सुबह उगते सूर्य को अर्घ्य देने के साथ यह पर्व संपन्न होगा। इसके बाद व्रती प्रसाद ग्रहण करेंगी और परिवार में बांटेंगी।