सीएम चेहरे का ऐलान होने के बाद बोले तेजस्वी यादव, 20 महीने में दिखाएंगे 20 साल का काम

डिजिटल डेस्क- बिहार में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर महागठबंधन ने अपने मुख्यमंत्री चेहरे का ऐलान कर दिया है। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अशोक गहलोत ने प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान यह घोषणा की कि महागठबंधन का सीएम चेहरा राष्‍ट्रीय जनता दल (RJD) के नेता और बिहार के पूर्व उप मुख्यमंत्री तेजस्वी यादव होंगे। इसके साथ ही विकासशील इंसान पार्टी (VIP) के संस्थापक मुकेश सहनी और पिछड़ा वर्ग के एक अन्य नेता को महागठबंधन की सरकार बनने पर उप मुख्यमंत्री बनाया जाएगा।

हमें 5 साल नहीं सिर्फ 20 महीने दीजिए…

तेजस्वी यादव ने अपने नाम की घोषणा के बाद कहा कि “हमें 5 साल नहीं, सिर्फ 20 महीने दीजिए। हम 20 महीने में ही 20 साल के बराबर काम करेंगे। हमारा संकल्प है कि कोई भी परिवार बिना सरकारी नौकरी के नहीं रहेगा। तेजस्वी की परछाई भी अगर गलत काम करेगी तो उसे भी सजा दिलाने का काम तेजस्वी करेगा। हम बिहार को नया स्वरूप देंगे।” उन्होंने कहा कि महागठबंधन सिर्फ सरकार बनाने के लिए नहीं है, बल्कि बिहार को नई दिशा देने के लिए है। तेजस्वी ने सभी गठबंधन सदस्यों का भरोसा दिखाने के लिए धन्यवाद भी दिया और कहा कि वह जनता की उम्मीदों पर खरा उतरने की पूरी कोशिश करेंगे।

भाजपा और नीतीश कुमार पर भी साधा निशाना

महागठबंधन ने भाजपा और नीतीश कुमार पर भी निशाना साधा। तेजस्वी ने कहा कि एनडीए में नीतीश कुमार के साथ अन्याय हो रहा है। भाजपा इस बार उन्हें मुख्यमंत्री नहीं बनाएगी, और इसकी पुष्टि अमित शाह ने खुद की है। तेजस्वी ने कहा कि वह अकेले बिहार की सरकार नहीं चलाएंगे, बल्कि पूरे बिहार के लोग मिलकर सरकार चलाने में सहयोग करेंगे। साथ ही, सीपीआई (एम-एल)एल नेता दीपांकर भट्टाचार्य ने कहा कि राज्य के आकार और जरूरतों के मुताबिक उप मुख्यमंत्री के चेहरों का चयन किया गया है।

महागठबंधन की रणनीति बिल्कुल साफ

उन्होंने बताया कि गठबंधन इस बार कम सीटों पर चुनाव लड़ रहा है, लेकिन एकजुट होकर चुनाव में उतरेंगे। महागठबंधन की रणनीति साफ है: बिहार की सत्ता पर 20 सालों से काबिज सरकार को चुनौती देना और राज्य में बदलाव लाना।