KNEWS DESK- भारत के लिए ओलंपिक में स्वर्ण पदक जीतने वाले भाला फेंक एथलीट नीरज चोपड़ा को अब एक और बड़ी उपलब्धि हासिल हुई है। उन्हें भारतीय सेना में लेफ्टिनेंट कर्नल (मानद) की उपाधि से सम्मानित किया गया है। यह सम्मान 22 अक्टूबर 2025 को रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और थल सेना प्रमुख जनरल उपेंद्र द्विवेदी की उपस्थिति में साउथ ब्लॉक, नई दिल्ली में आयोजित एक विशेष पिपिंग सेरेमनी में प्रदान किया गया।
नीरज चोपड़ा ने ओलंपिक और विश्व एथलेटिक्स में देश का नाम रोशन किया है, और अब उन्हें देश सेवा में भी एक मानद दर्जा प्राप्त हुआ है। इस समारोह में रक्षा मंत्री ने नीरज को दृढ़ता, समर्पण और देशभक्ति का प्रतीक बताया और उनके परिवार को भी इस उपलब्धि का भागीदार मानते हुए शुभकामनाएं दीं।
नीरज ने 26 अगस्त 2016 को नायब सूबेदार के पद पर जूनियर कमीशंड ऑफिसर (JCO) के रूप में भारतीय सेना जॉइन की थी। 2021 में उन्हें सूबेदार, और फिर 2022 में सूबेदार मेजर के पद पर पदोन्नत किया गया। अब उन्हें 16 अप्रैल 2025 से प्रभावी मानद लेफ्टिनेंट कर्नल की उपाधि दी गई है।
नीरज को अब तक कई प्रतिष्ठित पुरस्कारों से नवाजा जा चुका है- अर्जुन पुरस्कार – 2018, राजीव गांधी खेल रत्न (अब मेजर ध्यानचंद खेल रत्न) – 2021, परम विशिष्ट सेवा मेडल – 2022 (भारतीय सेना द्वारा), पद्म श्री – 2022।
हाल ही में नीरज चोपड़ा ने वर्ल्ड एथलेटिक्स चैंपियनशिप 2025 में हिस्सा लिया, जहां वह 84.03 मीटर के थ्रो के साथ आठवें स्थान पर रहे। उन्होंने प्रदर्शन में गिरावट का कारण पीठ की समस्या को बताया, लेकिन स्वीकारा कि खेल और जीवन में उतार-चढ़ाव स्वाभाविक हैं। अब उनकी नजरें 2026 एशियाई खेलों (Asian Games) पर टिकी हैं, जहां उन्हें पाकिस्तान के अरशद नदीम से कड़ी टक्कर मिलने की उम्मीद है।