डिजिटल डेस्क- अयोध्या एक बार फिर दीपों की अद्भुत रौशनी में नहा उठी। उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार ने इस वर्ष भव्य तरीके से 9वां दीपोत्सव मनाया। इस दौरान भगवान श्रीराम के जीवन से जुड़े 21 प्रसंगों की झांकियां निकाली गईं, वहीं 3D लाइट शो ने पूरे राम की पैड़ी को दिव्य दृश्य में बदल दिया। दीपोत्सव के मुख्य आकर्षणों में से एक रहा महाआरती, जिसमें 2,128 अर्चकों ने एक साथ भगवान राम की आरती उतारी। अयोध्या की सरयू तट पर लगभग 26.17 लाख दीयों को जलाकर नया विश्व रिकॉर्ड बना दिया गया। गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स के अधिकारियों ने ड्रोन तकनीक से दीयों की गिनती की पुष्टि की और इस भव्य आयोजन को आधिकारिक रूप से रिकॉर्ड में दर्ज किया।
सीएम योगी ने लिया गिनीज सर्टिफिकेट
इस अवसर पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को गिनीज सर्टिफिकेट प्रदान किया गया। पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह और प्रमुख सचिव अमृत अभिजात ने औपचारिक समारोह में यह सर्टिफिकेट सौंपा। मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि दीपोत्सव न केवल अयोध्या की सांस्कृतिक पहचान का प्रतीक है, बल्कि यह रामराज्य के आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाने का माध्यम भी है। उन्होंने कहा कि अयोध्या अब विश्व स्तर पर आध्यात्मिक पर्यटन का केंद्र बन रही है।
लाखों श्रद्धालु बने ऐतिहासिक पल के गवाह
इस आयोजन में लाखों श्रद्धालु और पर्यटक शामिल हुए। पूरे शहर को फूलों और रोशनी से सजाया गया था। अयोध्या की सड़कों पर जय श्रीराम के जयघोष गूंजते रहे और रामलला के भव्य मंदिर परिसर के आसपास भक्तों की भीड़ देर रात तक बनी रही। योगी सरकार के इस प्रयास ने एक बार फिर अयोध्या को “राम की नगरी” के रूप में दुनिया के सामने गौरवान्वित कर दिया।