धनतेरस पर पत्नी को दें ये 7 शुभ उपहार, घर में आएगी सुख-समृद्धि और प्यार

KNEWS DESK – धनतेरस का पर्व हर साल कार्तिक मास के कृष्ण पक्ष की त्रयोदशी को मनाया जाता है। इस साल धनतेरस 18 अक्टूबर, शनिवार को पड़ रही है। यह दिन धन, वैभव और समृद्धि का प्रतीक माना जाता है। कहा जाता है कि इस दिन अगर शुभ वस्तुएं खरीदी जाएं तो घर में लक्ष्मी का वास होता है और परिवार में सुख-शांति बनी रहती है। खासतौर पर यदि पति इस दिन अपनी पत्नी को कुछ शुभ वस्तुएं उपहार में दें, तो यह न केवल रिश्ते को और मजबूत बनाता है, बल्कि घर में भी सकारात्मकता और समृद्धि लाता है।

तो आइए जानते हैं धनतेरस पर पत्नी के लिए कौन से गिफ्ट्स खरीदना शुभ रहेगा—

1. सोने या चांदी के गहने

धनतेरस पर सोना-चांदी खरीदना बेहद शुभ माना जाता है। इस दिन पत्नी के लिए सोने की चेन, ब्रेसलेट या चांदी की पायल, ब्रेसलेट आदि खरीदे जा सकते हैं। मान्यता है कि सोना घर में सफलता लाता है जबकि चांदी से घर-परिवार में शांति बनी रहती है।

2. इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स

आधुनिक समय में इलेक्ट्रॉनिक्स भी एक बेहतरीन गिफ्ट ऑप्शन बन चुके हैं। आप पत्नी के लिए नया स्मार्टफोन, ईयरबड्स, स्मार्टवॉच या टीवी जैसे इलेक्ट्रॉनिक आइटम्स खरीद सकते हैं। ये उपयोगी होने के साथ-साथ उनके चेहरे पर मुस्कान भी लाएंगे।

3. भगवान की प्रतिमा

धनतेरस पर भगवान धनवंतरि, लक्ष्मी या गणेश जी की सोने, चांदी या तांबे की मूर्ति खरीदना अत्यंत शुभ माना जाता है। यदि आपकी पत्नी पूजा-पाठ में विश्वास रखती हैं, तो यह उपहार उनके लिए बहुत खास साबित होगा।

4. कुकवेयर या डिनर सेट

इस दिन नई धातु की वस्तुएं खरीदना शुभ माना जाता है। आप पत्नी के लिए स्टील, कॉपर या सिल्वर का डिनर सेट, कुकर, या चम्मचों का सेट गिफ्ट कर सकते हैं। ये न केवल पारंपरिक रूप से शुभ माने जाते हैं, बल्कि उपयोगी भी होते हैं।

5. घर की सजावट का सामान

धनतेरस पर घर की सजावट के लिए धातु से बनी वस्तुएं खरीदना शुभ रहता है। तांबे के दीये, शोपीस, या क्रिस्टल लाइट्स जैसे आइटम्स गिफ्ट में दिए जा सकते हैं। इससे घर का वातावरण और भी सकारात्मक बनेगा।

6. क्रिस्टल रिंग या ब्रेसलेट

क्रिस्टल्स को ऊर्जा और समृद्धि का प्रतीक माना जाता है। धनतेरस के दिन पत्नी को पन्ना, सफेद पुखराज या अन्य शुभ रत्नों से बनी रिंग या ब्रेसलेट गिफ्ट करें। इससे घर में सकारात्मक ऊर्जा और आर्थिक स्थिरता बनी रहती है।

7. क्रिस्टल कछुआ या पिरामिड

वास्तु शास्त्र में क्रिस्टल कछुआ बहुत शुभ माना गया है। इसे घर में रखने से सौभाग्य बढ़ता है और धन की वृद्धि होती है। आप इसे गिफ्ट कर सकते हैं या चाहें तो क्रिस्टल पिरामिड भी खरीद सकते हैं, जो धनतेरस के लिए एक शानदार और शुभ उपहार है।