डिजिटल डेस्क- केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) ने 2025-26 शैक्षणिक सत्र के लिए 10वीं और 12वीं के प्रैक्टिकल एग्जाम का शेड्यूल जारी कर दिया है। यह शेड्यूल आधिकारिक वेबसाइट cbse.gov.in पर उपलब्ध है और छात्र इसे आसानी से चेक कर सकते हैं। बोर्ड ने कहा है कि शीतकालीन क्षेत्रों के स्कूल 6 नवंबर से 6 दिसंबर 2025 के बीच प्रैक्टिकल परीक्षाएं पूरी कर सकते हैं, जबकि गैर-शीतकालीन क्षेत्रों के लिए ये परीक्षाएं 1 जनवरी 2026 से शुरू होंगी। CBSE ने निर्देश दिए हैं कि स्कूल छात्रों की सूची तैयार करें और बाहरी परीक्षक और पर्यवेक्षक की व्यवस्था क्षेत्रीय अधिकारियों के साथ समन्वय कर करें। कक्षा 10वीं के लिए आंतरिक मूल्यांकन केवल एक बार आयोजित किया जाएगा। प्रायोगिक परीक्षाएं प्रयोगशाला की उपलब्धता के आधार पर कई सत्रों में आयोजित की जा सकती हैं। बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि एक बार अंक अपलोड हो जाने के बाद किसी भी तरह के बदलाव की अनुमति नहीं दी जाएगी।
यहां जाकर चेक कर सकते हैं डेट
प्रैक्टिकल शेड्यूल चेक करने के लिए छात्रों को CBSE की वेबसाइट cbse.gov.in पर जाना होगा। वहां होम पेज पर दिए गए विंटर-बाउंड स्कूल प्रैक्टिकल डेटशीट लिंक पर क्लिक कर शेड्यूल स्क्रीन पर देख सकते हैं और प्रिंट भी निकाल सकते हैं। थ्योरी परीक्षाओं का शेड्यूल भी जारी किया गया है।
थ्योरी परीक्षाएं 17 फरवरी से
बोर्ड की अस्थायी डेटशीट के अनुसार, कक्षा 10वीं और 12वीं की थ्योरी परीक्षाएं 17 फरवरी 2025 से शुरू होंगी। 10वीं की परीक्षाएं 9 मार्च तक समाप्त होंगी, जबकि 12वीं की परीक्षाएं 9 अप्रैल तक पूरी होंगी। 10वीं का पहला एग्जाम 17 फरवरी को सुबह 10:30 बजे से दोपहर 1:30 बजे तक गणित स्टैंडर्ड और बेसिक के साथ शुरू होगा और भाषा व संगीत की परीक्षाओं के साथ समाप्त होगा। 12वीं की परीक्षाएं भी 17 फरवरी को सुबह 10:30 बजे से दोपहर 1:30 बजे तक जैव प्रौद्योगिकी, उद्यमिता और शॉर्टहैंड (अंग्रेजी व हिंदी) से शुरू होंगी और संस्कृत, डेटा साइंस और मल्टीमीडिया की परीक्षाओं के साथ समाप्त होंगी।