डिजिटल डेस्क- सोशल मीडिया पर सोमवार से एक खबर ने जैसे आग लगा दी — “MTV हमेशा के लिए बंद हो रहा है!” यह सुनते ही 90s के बच्चों की यादों में बसा म्यूजिक और मस्ती का चैनल चर्चा में आ गया। लोगों ने तुरंत पूछना शुरू कर दिया – क्या अब रोडीज़ के टास्क और स्प्लिट्सविला की लव स्टोरीज़ नहीं दिखेंगी? लेकिन घबराने की बात नहीं है, क्योंकि इस खबर में एक बड़ा ट्विस्ट है। दरअसल, जो MTV बंद हो रहा है, वह भारत का MTV इंडिया नहीं, बल्कि MTV की पेरेंट कंपनी Paramount Global के कुछ इंटरनेशनल म्यूजिक चैनल्स हैं। इनमें MTV Music, MTV 90s, MTV 80s, Club MTV और MTV Live जैसे चैनल शामिल हैं, जो यूके, यूरोप, ऑस्ट्रेलिया और लैटिन अमेरिका जैसे देशों में प्रसारित होते थे।
क्यों बंद हो रहे हैं MTV के ये चैनल?
Paramount ने यह फैसला इसलिए लिया है क्योंकि अब दर्शकों की पसंद बदल चुकी है। पहले लोग टीवी पर म्यूजिक वीडियो देखते थे, लेकिन अब वही दर्शक YouTube, Spotify और TikTok जैसे डिजिटल प्लेटफॉर्म्स पर गाने सुनना या देखना ज्यादा पसंद करते हैं। इस वजह से इन म्यूजिक चैनलों की व्यूअरशिप लगातार गिर रही थी। कंपनी ने स्पष्ट किया कि अब फोकस डिजिटल कंटेंट और नए यूथ-ओरिएंटेड शो पर होगा।
भारत में MTV की स्थिति क्या है?
अब बात करते हैं MTV इंडिया की — तो राहत की खबर ये है कि MTV इंडिया कहीं नहीं जा रहा है। चैनल से जुड़े एक सूत्र ने साफ कहा है कि भारत में एमटीवी का कंटेंट और संचालन अलग है, इसलिए इस ग्लोबल फैसले का उस पर कोई असर नहीं पड़ेगा। उन्होंने बताया, “भारत में एमटीवी अब सिर्फ म्यूजिक चैनल नहीं, बल्कि यूथ एंटरटेनमेंट प्लेटफॉर्म है। यहां ‘रोडीज’, ‘स्प्लिट्सविला’, ‘हसल’ और कई रियलिटी शोज चैनल की पहचान बन चुके हैं।”
MTV इंडिया की नई पहचान
सालों पहले शुरू हुआ MTV इंडिया अब युवाओं की धड़कन बन चुका है। यह अब म्यूजिक वीडियो से ज्यादा रियलिटी, ड्रामा और जोश के लिए जाना जाता है। आने वाले महीनों में चैनल पर सनी लियोनी के साथ ‘स्प्लिट्सविला’ का नया सीजन और नए यूथ-ओरिएंटेड शोज की तैयारी चल रही है।