सोने-चांदी की कीमतों में जबरदस्त उछाल, ट्रेड वॉर और सप्लाई में कमी बनी बड़ी वजह

KNEWS DESK- सोमवार को देश के वायदा बाजार में सोने और चांदी की कीमतों ने एक बार फिर रिकॉर्ड तोड़ तेजी दिखाई है। शुक्रवार की गिरावट के बाद निवेशकों के लिए यह बड़ा झटका और राहत दोनों बना। जहां सोना 2,300 रुपए से अधिक महंगा हुआ, वहीं चांदी में 5,800 रुपए से ज्यादा की छलांग देखने को मिली।

विशेषज्ञों के अनुसार इस तेजी के पीछे प्रमुख कारण हैं — फिजिकल गोल्ड-सिल्वर की सप्लाई में कमी और अमेरिका-चीन के बीच बढ़ता ट्रेड वॉर, जिसने निवेशकों को सुरक्षित निवेश विकल्प के रूप में कीमती धातुओं की ओर रुख करने पर मजबूर कर दिया।

देश के मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर सोने की कीमतें रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गईं। सुबह 10:06 बजे सोना ₹1,23,325 प्रति 10 ग्राम पर ट्रेड कर रहा था। दिन के कारोबार में यह ₹1,23,680 प्रति 10 ग्राम तक पहुंच गया, जो शुक्रवार के मुकाबले ₹2,316 की तेजी दर्शाता है। शुक्रवार को सोना ₹1,21,364 प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था।

सोने के साथ-साथ चांदी की कीमतों में भी जबरदस्त उछाल आया। सुबह 10:10 बजे चांदी ₹1,51,606 प्रति किलोग्राम पर पहुंच गई। दिन में यह ₹1,52,322 प्रति किलोग्राम तक पहुंच गई, यानी ₹5,856 की तेजी। शुक्रवार को यह ₹1,46,466 प्रति किलोग्राम पर थी। विशेषज्ञों का मानना है कि चांदी की कीमतें अभी और ऊपर जा सकती हैं।

2025 में अब तक कितना बढ़ चुका है सोना-चांदी?

सोना

  • 31 दिसंबर 2024 को कीमत: ₹76,748 प्रति 10 ग्राम
  • मौजूदा कीमत: ₹1,23,680 प्रति 10 ग्राम
  • इजाफा: ₹46,932 यानी 61.15%

चांदी

  • 31 दिसंबर 2024 को कीमत: ₹87,233 प्रति किलोग्राम
  • मौजूदा कीमत: ₹1,52,322 प्रति किलोग्राम
  • इजाफा: ₹65,089 यानी 74.6%

या वेल्थ के डायरेक्टर अनुज गुप्ता के मुताबिक, अमेरिका और चीन के बीच बढ़ते टैरिफ वॉर की वजह से वैश्विक निवेशक ‘सेफ हेवन’ यानी सुरक्षित निवेश की तलाश में सोना और चांदी की ओर रुख कर रहे हैं। इससे इनकी मांग में तेजी आई है, जो कीमतों में उछाल का मुख्य कारण है।

साथ ही उन्होंने बताया कि फिजिकल सप्लाई में कमी ने भी इस तेजी को और मजबूत किया है। निवेशकों को आगामी त्योहारों और वैश्विक अनिश्चितताओं के चलते कीमतों में और इजाफे की उम्मीद है।